शहर

Lucknow News: जनेश्वर मिश्र पार्क के पास कार से युवती को टक्कर मारने वाला शाहनवाज पुलिस हिरासत में, देखें Viral Video

Lucknow News: उत्तर प्रदेश में लखनऊ के जनेश्वर मिश्र पार्क के पास विवाद के बाद युवती को कार से टक्कर मारने का मामला सामने आया है। Video Viral होने के बाद पुलिस जांच में जुट गई और आरोपी शाहनवाज को हिरासत में ले लिया गया है।

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक कार सवार ने युवती को टक्कर मार दी और फिर बोनट पर लटकी युवती को दूर तक घसीटता हुआ ले गया। बाद में वह मौके से फरार हो गया। घटना शहर के जनेश्वर मिश्र पार्क (Janeshwar Mishra Park) के गेट नंबर चार के पास आज यानी बुधवार 16 सितंबर की सुबह हुई। पुलिस ने आरोपी शाहनवाज को आज दोपहर बाद हिरासत में ले लिया।

बताया जा रहा है कि दोनों एक-दूसरे के परिचित हैं। दोनों के बीच विवाद बढ़ने के बाद यह घटना हुई। आरोप है कि कार में बैठे शाहनवाज ने युवती को टक्कर मारी और उसके बाद उसे बोनट पर काफी दूर तक ले गया। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। युवती को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस तुरंत कार और आरोपी शाहनवाज की तलाश के साथ ही पूरे घटनाक्रम की जानकारी हासिल करने में जुट गई और आखिरकार आज दोपहर बाद उसे हिरासत में ले लिया।

दूसरी युवती के साथ पहुंचने पर हुआ विवाद

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, युवती और आरोपी शाहनवाज पहले से ही एक-दूसरे को जानते हैं। बताया जा रहा है कि दोनों पिछले करीब एक साल से एक-दूसरे को जानते थे। बुधवार को शाहनवाज के किसी दूसरी महिला मित्र के साथ जनेश्वर मिश्र पार्क पहुंचने के बाद युवती ने इस पर आपत्ति जताई। इसके बाद दोनों के बीच विवाद हुआ।

आरोप है कि विवाद बढ़ा तो युवती कार के सामने खड़ी हो गई और शाहनवाज को रोकने की कोशिश करने लगी। इसी दौरान उसने कार आगे बढ़ा दी और युवती उसकी चपेट में आ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वह युवती को कुछ दूरी तक कार के बोनट पर ले जाया गया।

पहचान छिपाकर दोस्ती का भी आरोप

मामले में युवती की तरफ से पुलिस को शिकायत दिए जाने की जानकारी भी सामने आई है। इसमें शाहनवाज पर पहचान छिपाकर दोस्ती करने सहित अन्य आरोप लगाए गए हैं। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो पाएगी।

पुलिस के मुताबिक, मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। वायरल वीडियो को भी जांच का हिस्सा बनाया जा रहा है। पुलिस घटना के समय मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है और गाड़ी के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

चश्मदीद ने बताई आंखों देखी

इस घटना के दौरान मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने बताया कि युवती लगातार कार ड्राइवर को रुकने के लिए कह रही थी। उसके मुताबिक, ड्राइवर ने कुछ समय के लिए शीशा खोलकर बात भी की, लेकिन इसके बाद कार आगे बढ़ गई और युवती गिर गई।

पुलिस ने तुरंत युवती को मेडिकल के लिए भेजा। घटना में लगी चोटों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Manish Yadav
मनीष यादवauthor

साल 2011 था जब इंद्रप्रस्थ से पत्रकारिता के सफर की सीढ़ियां चढ़ना शुरू किया । कुछ साल जयपुर रहा और अब ठिकाना अवध है। माइक पकड़ कर कोशिश करता हूं कि आम की आवाज खास के कानो तक पहुंचा पाऊं उम्मीद रहती है इससे हल निकलेगा ।

और पढ़ें
End of Article