राजद (RJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और कांग्रेस की वरिष्ठ नेता श्रीमती सोनिया गांधी के बीच दिल्ली में एक सौहार्दपूर्ण और पारिवारिक मुलाकात हुई। सोनिया गांधी ने लालू यादव के दिल्ली स्थित आवास पर पहुंचकर उनके स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली और उनका हाल-चाल जाना। देश की राजनीति के दो सबसे अनुभवी नेताओं की इस मुलाकात को दोनों परिवारों के बीच दशकों पुराने व्यक्तिगत, राजनीतिक और पारिवारिक प्रगाढ़ संबंधों की मजबूत झलक के रूप में देखा जा रहा है।
"पुराने दिनों की यादें हुईं ताजा": लालू यादव ने सोशल मीडिया पर जताया आभार
मुलाकात के बाद राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने सोशल मीडिया पर इस आत्मीय मिलन की तस्वीरें और जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा, "आदरणीय मैडम श्रीमती सोनिया गांधी जी ने आवास पहुंच स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त की। इस दौरान पुराने दिनों की यादें ताजा हुईं।"
इस मुलाकात के दौरान सोनिया गांधी और लालू प्रसाद यादव ने केंद्र में रही यूपीए सरकार के दिनों को याद किया। बैठक के दौरान दोनों नेताओं के बीच कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। चर्चा के दौरान याद किया गया कि कैसे यूपीए शासनकाल में देश के किसानों, युवाओं, जवानों और आम नागरिकों के लिए पारदर्शी नीतियां लागू की गई थीं। दोनों नेताओं ने मनरेगा (MNREGA), शिक्षा का अधिकार (RTE) और सूचना का अधिकार (RTI) जैसे क्रांतिकारी कानूनों के निर्माण और उनके जरिए आम जनता के सशक्तिकरण का विशेष रूप से जिक्र किया। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व में बिहार के विकास के लिए किए गए कार्यों को याद किया गया। बैठक में उल्लेख हुआ कि यूपीए सरकार के दौरान बिहार को विभिन्न विकास परियोजनाओं के लिए 1 लाख 45 हजार करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत और वितरित की गई थी।
देश के दो सबसे अनुभवी नेताओं की मुलाकात
बिहार विधानसभा में नेता विपक्ष और लालू यादव के बेटे तेजस्वी यादव ने इस मुलाकात पर पोस्ट किया और लिखा कि देश के दो सबसे अनुभवी नेताओं की यह मुलाकात पारिवारिक रही। दोनों लंबे समय से एक दूसरे के सुख-दुख में मजबूती से एक साथ खड़े रहे है। UPA की विकास गाथा पर उनके संघर्ष, संस्मरण, चिंतन और उपलब्धियों को सुनना और उससे सीखना मेरा सौभाग्य है। उनसे प्रेरणा मिलती है कि दृढ़ संकल्प और सही दिशा में की गई मेहनत हमेशा सकारात्मक परिणाम देती है।
