भारत के पूर्व बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा का मानना है कि बुधवार से शुरू होने वाली भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज 2-2 से बराबर रहेगी। उनका मानना है कि सीरीज के बीच में टीम में पहले से तय कुछ बदलावों की वजह से मेहमान टीम (भारत) को थोड़ा नुकसान हो सकता है।
पुजारा को यह भी लगता है कि पांच मैचों की इस सीरीज में कम से कम एक मैच बारिश की भेंट चढ़ जाएगा। आखिरी दो मैचों में भारत के नियमित कप्तान शुभमन गिल और उप-कप्तान केएल राहुल नहीं खेलेंगे, क्योंकि वे 19 नवंबर से शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज की तैयारी शुरू कर देंगे। वनडे सीरीज 15 नवंबर को खत्म होगी।
पुजारा ने 'जियोस्टार' से कहा, "सीरीज 2-2 से बराबर रहेगी। पहले तीन मैचों में एक टीम खेल रही है, और फिर आखिरी दो मैचों में एक अलग भारतीय टीम खेलेगी। इसलिए, मुझे लगता है कि न्यूजीलैंड को थोड़ा फायदा है, क्योंकि आप सभी पांच मैचों में एक ही टीम के साथ नहीं खेल रहे हैं।"
उन्होंने आगे कहा, "मैं अभी भी पहले तीन मैचों में भारतीय टीम का समर्थन कर रहा हूं, क्योंकि मुझे लगता है कि वे अच्छा प्रदर्शन करेंगे। आखिरी दो मैच थोड़े चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं, लेकिन यह एक कड़ा मुकाबला होगा। और न्यूजीलैंड में बारिश होती रहती है, इसलिए शायद एक मैच बारिश की वजह से धुल जाए।"
रोहित-विराट में कौन ज्यादा शतक लगाएगा
पुजारा से यह भी पूछा गया कि इस सीरीज में रोहित शर्मा और विराट कोहली में से किसके ज्यादा शतक लगाने की संभावना है। पूर्व टेस्ट विशेषज्ञ ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि कोहली ज्यादा शतक लगाएंगे। उन्होंने कहा, "रोहित जिस तरह से बल्लेबाजी करते हैं, उनका काम पावरप्ले में टीम को अच्छी शुरुआत देना होता है। न्यूजीलैंड में शायद उनका यह रोल बदल जाए, इसलिए हो सकता है कि वह शतक बनाने की कोशिश करें। लेकिन विराट के मामले में शतक लगाने के चांस थोड़े ज्यादा हैं, क्योंकि वह नंबर तीन पर बल्लेबाजी करते हैं। उनका खेल मुख्य रूप से पारी को संभालने (एंकर रोल निभाने) का होता है। तो, तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आने वाले बल्लेबाज के लिए वनडे फॉर्मेट में शतक लगाना थोड़ा आसान हो जाता है। ओपनर की भूमिका भी तय होती है, लेकिन न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में यह थोड़ी बदल जाती है। इसलिए, मुझे लगता है कि न्यूजीलैंड में रोहित के मुकाबले विराट के शतक लगाने के चांस ज्यादा हैं।"
पूर्व बैटिंग कोच अभिषेक नायर ने क्या कहा
भारत के पूर्व बैटिंग कोच अभिषेक नायर ने भी टेस्ट सीरीज से पहले बहुत कम समय होने के मद्देनजर, टीम इंडिया के पास अलग-अलग वनडे स्क्वॉड होने के मुद्दे पर अपनी राय रखी। नायर ने कहा कि यह सीरीज हेड कोच गौतम गंभीर के लिए बहुत अहम होगी, खासकर तब जब 2024 में कीवी टीम ने भारत को उसी के घर में चौंकाते हुए क्लीन स्वीप कर दिया था।
नायर ने कहा, "मेरे हिसाब से, यह टेस्ट सीरीज गौतम गंभीर और भारतीय फैंस के लिए एक निर्णायक सीरीज है। इसलिए, मैं चाहता था कि केएल राहुल और शुभमन गिल जैसे खिलाड़ी, जो दोनों फॉर्मेट खेल रहे हैं, वे सिर्फ टेस्ट क्रिकेट पर फोकस करें। क्योंकि अब आपको वनडे के लिए तैयारी करनी है और उसके बाद टेस्ट के लिए। इसलिए, मैं उन्हें एक-दो महीने का समय देता ताकि वे जाकर रेड बॉल (लाल गेंद) से प्रैक्टिस कर सकें। जैसे उन्होंने हमें यहां भारत में हराया था, वैसे ही हमें उन्हें वहां हराना चाहिए।"
वनडे स्क्वॉड में यशस्वी जायसवाल को न चुने जाने पर नायर ने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि चयनकर्ताओं ने इस युवा बल्लेबाज से बात की होगी, जो फिलहाल क्राइस्टचर्च में इंडिया-ए के लिए खेल रहा है।
