शहर

Lucknow News: गोमतीनगर में बैंककर्मी पत्नी और अपनी बहन को गोली मारने के बाद युवक ने की आत्महत्या

Lucknow Gomtinagar News: लखनऊ के पॉश गोमतीनगर इलाके में SBI कर्मचारी मानस बाजपेई ने ICICI बैंक में कार्यरत पत्नी दिव्या मिश्रा और अपनी बहन सीमा की गोली मारकर हत्या कर दी। दो हत्याओं को अंजाम देने के बाद उसने खुदकुशी कर ली।

Image

लखनऊ में शख्स ने पत्नी और बहन की हत्या के बाद खुदकुशी की

Lucknow Gomtinagar News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर इलाके में आज यानी गुरुवार 20 अगस्त को एक ही परिवार से जुड़ी तीन मौतों की सनसनीखेज घटना सामने आई। पुलिस के मुताबिक, SBI कर्मचारी मानस बाजपेई ने पहले अपनी पत्नी और ICICI बैंक की रिलेशनशिप मैनेजर दिव्या मिश्रा की गोली मारकर हत्या की। इसके बाद घर पहुंचकर उसने अपनी बहन सीमा को गोली मार दी और फिर खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने गुरुवार को अपने बैंक से छुट्टी ली थी। दोपहर में वह विवेकखंड स्थित ICICI बैंक के बाहर पहुंचा। दिव्या बैंक में अपने क्लाइंट से मुलाकात के बाद वापस लौट रही थीं। इसी दौरान मानस ने उन्हें कथित तौर पर घात लगाकर रोका और सिर में गोली मार दी।

गोली मारकर हुआ फरार

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना के बाद मानस मौके से ऑटो के जरिए फरार हुआ। पुलिस के मुताबिक बैंक कर्मचारियों ने हमलावर की पहचान दिव्या के पति के रूप में की। गोली लगने के बाद दिव्या को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

मानस ने घर पहुंचकर बहन को भी मारी गोली

पत्नी की हत्या के बाद वहां से फरार हुए मानस बाजपेई सीधे अपने घर पहुंचा। पुलिस के मुताबिक, उसने कमरे को अंदर से बंद किया और अपनी बहन सीमा को गोली मार दी। इसके बाद उसने खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर दी। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

DCP East डॉ. दीक्षा शर्मा के अनुसार, पुलिस को पहले गोमतीनगर थाना क्षेत्र में एक महिला को गोली मारे जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद एक व्यक्ति द्वारा अपनी बहन की हत्या कर खुदकुशी किए जाने की भी जानकारी मिली। जांच में दोनों घटनाओं को एक ही आरोपी से जुड़ा पाया गया। मानस ने आज अपने Whatsapp Status में पत्नी और बहन की हत्या के साथ ही अपनी आत्महत्या का भी जिक्र किया हुआ है।

Manas Bajpai Whatsapp Status.

मानस ने आज अपना ये व्हाटसएप स्टेटस लगाया था

घर से तीन हथियार भी बरामद

पुलिस के मुताबिक, आरोपी के घर से तीन हथियार बरामद किए गए हैं। उसके मोबाइल फोन में मौजूद एक WhatsApp Status भी जांच का हिस्सा माना जा रहा है। पुलिस पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आने की पुष्टि कर रही है। हालांकि, विवाद कब से था और उसका स्वरूप क्या था, इसकी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

फोरेंसिक टीम ने घटनास्थलों से सुबूत जुटाए हैं। पुलिस अब CCTV फुटेज, बरामद हथियारों और मोबाइल फोन की जांच के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है।

Manish Yadav
मनीष यादवauthor

साल 2011 था जब इंद्रप्रस्थ से पत्रकारिता के सफर की सीढ़ियां चढ़ना शुरू किया । कुछ साल जयपुर रहा और अब ठिकाना अवध है। माइक पकड़ कर कोशिश करता हूं कि आम की आवाज खास के कानो तक पहुंचा पाऊं उम्मीद रहती है इससे हल निकलेगा ।

और पढ़ें
End of Article