शहर

Shahjahanpur News: शाहजहांपुर में पुलिस दबिश के बाद कारोबारी की संदिग्ध मौत, 6 पुलिसकर्मियों पर हत्या का केस

Shahjahanpur News: शाहजहांपुर में पुलिस दबिश के बाद 65 वर्षीय सर्राफा कारोबारी उमेश गुप्ता का शव पड़ोसी के निर्माणाधीन मकान से मिला। पत्नी की शिकायत पर 6 पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज हुआ।

Image

शाहजहांपुर में पुलिस पर कारोबारी की हत्या का आरोप (सांकेतिक फोटो)

Photo : iStock

Shahjahanpur: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में पुलिस दबिश के बाद 65 वर्षीय उमेश गुप्ता की संदिग्ध हालत में मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। चोरी के एक पुराने मामले में वारंट लेकर पहुंची पुलिस टीम के लौटने के कुछ घंटे बाद उमेश का शव पड़ोसी के निर्माणाधीन मकान से मिला। मृतक की पत्नी की शिकायत पर छह पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।

पत्नी ने कहा- पुलिसकर्मियों ने छत से फेंका नीचे

अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) देवेंद्र कुमार ने बताया कि मृतक की पत्नी की तहरीर पर लखनऊ के मलीहाबाद थाने में तैनात चार पुलिसकर्मी और निगोही थाने में कार्यरत दो पुलिसकर्मियों समेत छह पुलिस कर्मियों के खिलाफ निगोही थाने में बुधवार शाम को हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि मृतक उमेश गुप्ता की पत्नी शांति देवी ने दर्ज रिपोर्ट में आरोप लगाया है कि पुलिस ने दबिश के दौरान गुप्ता को छत पर ले जाकर उसे नीचे फेंक दिया जिससे उसकी मौत हो गयी।

पत्नी ने पुलिसकर्मियों पर लगाए अवैध धन उगाही के आरोप

कुमार ने बताया कि शांति देवी का यह भी आरोप है कि पुलिसकर्मी उसके पति से अवैध धन उगाही करते थे और जब उसने अधिकारियों से शिकायत की तो उन्होंने रंजिश के चलते उसके पति की हत्या कर दी और घर में रखा जेवर साथ ले गये। इससे पहले, बुधवार की सुबह शांति देवी ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा था कि उसे नहीं मालूम कि उसके पति की मौत कैसे हुई है, मगर इसकी जिम्मेदार पुलिस ही है।

चोरी के मामले में आरोपी था उमेश गुप्ता

अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि लखनऊ के मलीहाबाद थाने में पिछले वर्ष चोरी का एक मुकदमा दर्ज हुआ था, जिसमें शाहजहांपुर निवासी उमेश गुप्ता (65) आरोपी था। उन्होंने बताया कि मलीहाबाद थाने की पुलिस अदालत का वारंट लेकर शाहजहांपुर के निगोही आयी थी और स्थानीय पुलिस मलीहाबाद पुलिस के सहयोग के लिये उमेश गुप्ता के घर बुधवार तड़के तीन बजे गयी थी। कुमार ने बताया कि मलीहाबाद की पुलिस टीम गुप्ता के घर के अंदर चली गई लेकिन वहां उन्हें आरोपी नहीं मिला। जिसके बाद सुबह करीब सात बजे उसका शव पड़ोस में बन रहे एक मकान में मिला।

मलीहाबाद थाने के प्रभारी सुरेंद्र भाटी ने बताया कि उनके थाना क्षेत्र में वर्ष 2025 में एक चोरी हुई थी। जिसमें पकड़े गये आरोपियों ने बताया था कि उन्होंने 30 किलो चांदी शाहजहांपुर में सर्राफा व्यवसायी उमेश गुप्ता के यहां बेची है जिसके बाद पुलिस ने अदालत से आठ मई को वारंट हासिल किया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article