Bihar News: जनता दल (यूनाइटेड) के पूर्व अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह 'ललन' ने रविवार को यह साफ कर दिया कि उनके प्रतिद्वंद्वी आरसीपी सिंह की पार्टी में वापसी की खबरें गलत हैं। केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने साथ ही जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर पर भी निशाना साधा। ललन सिंह ने कहा कि हाल ही में जद(यू) में संभावित वापसी का संकेत देने वाले लोग यह भूल गए हैं कि पार्टी को पहले 70 सीटों से घटाकर केवल 40 से कुछ अधिक सीटों पर ला दिया गया था। उन्होंने जोर देकर कहा, "ऐसे लोगों के लिए अब कोई जगह नहीं है। जनता ने हमें फिर से अपना भरोसा दिया है।"
प्रशांत किशोर पर साधा निशाना
केंद्रीय मंत्री ललन सिंह से जब पूछा गया कि क्या प्रशांत किशोर की जद(यू) में वापसी की इच्छा के बावजूद उन्हें पार्टी में शामिल किया जा सकता है, तो उन्होंने कड़ा रुख अपनाया। ललन सिंह ने कहा, "वह कौन हैं? क्या वही नहीं जिन्होंने जद(यू) को 25 से अधिक सीट जीतने पर राजनीति से संन्यास लेने का वादा किया था? लेकिन पार्टी ने उससे कहीं अधिक सीटें जीत लीं। तो फिर वह अभी भी राजनीति में क्यों सक्रिय हैं?"
तेजस्वी यादव पर भी कसा तंज
गौरतलब है कि प्रशांत किशोर 2020 में पार्टी से निष्कासित होने से पहले राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के पद पर कार्यरत थे। केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव पर भी तंज कसा। उन्होंने बताया कि तेजस्वी ने हाल ही में चुनाव परिणामों का विश्लेषण करने के लिए बैठक बुलाई थी। ललन सिंह ने कहा, "वे जो चाहें कर सकते हैं, लेकिन चुनाव में उनकी पार्टी भारी हार का सामना कर चुकी है। 243 सदस्यीय विधानसभा में उन्हें केवल 25 सीटें मिली हैं।"
(इनपुट - भाषा)
