Ami Banglar Digital Joddha: तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने एक नया डिजिटल अभियान ‘मैं बंगाल का डिजिटल योद्धा’ शुरू किया है। इस पहल का उद्देश्य है, बंगाल की डिजिटल पहचान को पुनः स्थापित करना और उन भ्रामक सूचनाओं का मुकाबला करना जो राज्य की छवि को नुकसान पहुंचाती हैं।
अभियान की शुरुआत के मौके पर अभिषेक बनर्जी ने कहा,“हमारा प्रिय बंगाल आज बाहरी ताकतों के झूठे प्रचार और प्रोपेगेंडा का शिकार हो रहा है। डिजिटल मंच पर यह लड़ाई अब तेज हो चुकी है। हमें बंगाल की गरिमा, अधिकार और सत्य के लिए एकजुट होकर खड़ा होना होगा। इसी उद्देश्य से मैं ‘मैं बंगाल का डिजिटल योद्धा’ अभियान शुरू कर रहा हूं, एक जन-सशक्त, युवा-नेतृत्व वाला डिजिटल आंदोलन, जो बंगाल की अस्मिता और सच्चाई की रक्षा करेगा।”
यह अभियान बंगाल के गौरव, सृजनशीलता और एकता का प्रतीक बनकर सामने आया है। इसका मकसद लोगों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाना, राज्य की सांस्कृतिक धरोहर को सुरक्षित रखना और आने वाली पीढ़ियों को रचनात्मकता से जोड़ना है।
इस पहल में भाग लेने वालों को तीन मुख्य भूमिकाओं में बांटा गया है
1. कंटेंट क्रिएटर्स (The Creator Force) – जो बंगाल की कहानियांऔर रचनात्मक सामग्री साझा करेंगे।
2. सोशल मीडिया मैनेजर्स (The Community Leaders) – जो डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर समुदायों को जोड़ेंगे।
3. डिजिटल एम्प्लीफायर्स (The Force Multipliers) – जो अभियान के संदेश को व्यापक स्तर पर फैलाएंगे।
अभिषेक बनर्जी ने राज्य के युवाओं से इस डिजिटल सेना में शामिल होने का आह्वान किया है ताकि वे झूठे प्रचार का मुकाबला कर सकें और डिजिटल साक्षरता के माध्यम से बंगाल की सशक्त आवाज बनें। अभियान का पंजीकरण पोर्टल एक महीने तक खुला रहेगा, जिससे अधिक से अधिक लोग इससे जुड़ सकें। यह पहल राजनीति और डिजिटल संवाद को जोड़ते हुए नागरिक जिम्मेदारी और बंगाल के गौरव को नई दिशा देने का प्रयास है।
