शहर

अयोध्या सीट से नामांकन करेंगे योगी और अखिलेश? एक दूसरे को खुला चैलेंज; CM बोले-आमने-सामने मुकाबला हो जाए

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को सीधा ऑफर देते हुए कहा कि 'मैं आपको ऑफर करता हूं, आप भी अयोध्या से नामांकन करिए, मैं भी करता हूं। चलिए, एक बार किस्मत आजमा लिया जाए।

Image

अयोध्या सीट पर आमने-सामने योगी-अखिलेश

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर बयानबाजी का दौर तेज है। खासकर, समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ फ्रंट फुट पर खेल रहे हैं। पिछले दिनों अखिलेश ने योगी को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती दी थी, अब मुख्यमंत्री ने सपा अध्यक्ष को ही सामने आने का न्योता दे दिया। पवन पांडेय को अयोध्या से उम्मीदवार घोषित करने के बाद अखिलेश ने तंज कसा था कि बीजेपी को यहां नया प्रत्याशी नहीं मिल रहा है तो खुद बाबा क्यों नहीं मैदान में उतर जाते? अब सीएम ने चैलेंज करते हुए कहा है कि लड़ाई चेलों से क्यों खुद अखिलेश नामांकन करें तो मैं भी नामांकन करता हूं!

अयोध्या सीट को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। पहले अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अयोध्या से चुनाव लड़ने की सलाह दी थी। अब बलरामपुर में योगी ने पलटवार करते हुए अखिलेश यादव को ही अयोध्या से नामांकन करने का ऑफर दे दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह भी अयोध्या से चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं। ऐसे में दोनों नेताओं के बीच सियासी चुनौती का जवाब चुनौती से देने का सिलसिला दिलचस्प हो गया है।

बीजेपी को अयोध्या में प्रत्याशी नहीं मिल रहा-अखिलेश

दरअसल, अखिलेश यादव ने हाल ही में अयोध्या में सपा नेता तेज नारायण पांडेय उर्फ पवन पांडेय की ओर से आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती दी थी। अखिलेश ने दावा किया था कि समाजवादी पार्टी की ओर से उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद बीजेपी लगातार सर्वे करा रही है, लेकिन हर सर्वे में पीछे चल रही है। उन्होंने यह भी कहा था कि बीजेपी को अयोध्या में नया प्रत्याशी नहीं मिल रहा है।

अखिलेश ने योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा था कि अगर मुख्यमंत्री अपने काम और दावों को लेकर इतने आश्वस्त हैं, तो उन्हें अयोध्या से चुनाव लड़कर दिखाना चाहिए। इस बयान के बाद अयोध्या की राजनीति में नया मोर्चा खुल गया।

योगी बोले- आइए, आप भी नामांकन करिए, मैं भी करता हूं

अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव के इसी बयान पर पलटवार किया है। बलरामपुर में उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव उन्हें अयोध्या से चुनाव लड़ने के लिए कह रहे हैं। योगी ने कहा, “अखिलेश जी, अयोध्या हमारी पावन धाम है। हम वहां सियासत के लिए नहीं, विकास के लिए जाते हैं। अयोध्या हमारी आस्था की स्थली है, चुनाव लड़ने के लिए नहीं।”

इसके बाद मुख्यमंत्री ने सपा अध्यक्ष को सीधा ऑफर देते हुए कहा, “मैं आपको ऑफर करता हूं, आप भी अयोध्या से नामांकन करिए, मैं भी करता हूं। चलिए, एक बार किस्मत आजमा लिया जाए। योगी ने आगे कहा कि लड़ाई चेलों से क्यों होनी चाहिए, मुकाबला आमने-सामने होना चाहिए। मुख्यमंत्री के इस बयान को अखिलेश यादव की चुनौती का जवाब माना जा रहा है।

पवन पांडेय के नाम पर भी सियासी तंज

अयोध्या की इस सियासी खींचतान में पवन पांडेय का नाम भी अहम है। अखिलेश यादव ने उन्हें अयोध्या से पार्टी का उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद बीजेपी के सर्वे और नए प्रत्याशी की तलाश को लेकर सवाल उठाए थे। अब योगी के जवाब ने मुकाबले को एक नया राजनीतिक मोड़ दे दिया है।

सियासी तंज यह है कि अखिलेश ने पहले योगी को अयोध्या से चुनाव लड़ने की सलाह दी थी, लेकिन अब मुख्यमंत्री ने उन्हें ही मैदान में उतरने का न्योता दे दिया है। हालांकि, दोनों नेताओं के बयानों के बीच अभी तक अयोध्या से उनके चुनाव लड़ने की कोई औपचारिक घोषणा नहीं हुई है।

दिल्ली में विपक्ष के प्रदर्शन पर भी योगी का हमला

बलरामपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिल्ली में विपक्ष के प्रदर्शन को लेकर भी कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विरोध करने की भी एक सीमा होती है। योगी के मुताबिक, कांग्रेस और उसके सहयोगी दल सामान्य शिष्टाचार भूल चुके हैं और लोकतांत्रिक विरोध की सीमा से आगे बढ़कर गाली-गलौज की भाषा अपना रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि विपक्ष देश को गुमराह कर अराजकता की ओर ले जाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार अराजकता को स्वीकार नहीं करेगी और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश के सम्मान के साथ खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि नक्सलवाद की तरह अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी।

चुनावी हार पर ईवीएम का बहाना बनाने का आरोप

योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर चुनावी नतीजों को लेकर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने पर इसे अपना पुरुषार्थ बताया जाता है, लेकिन हारने पर ईवीएम को जिम्मेदार ठहराया जाता है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि विपक्षी दल प्रशासन को धमकाते हैं, न्यायालय पर टिप्पणी करते हैं और चुनाव आयोग को कटघरे में खड़ा कर युवाओं को भड़काते हैं।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article