शहर

सावधान! रील बनाने के चक्कर में 24 घंटे में दो लोगों की मौत, सोशल मीडिया का जुनून पड़ा भारी

Odisha Reel Death News: ओडिशा में सोशल मीडिया पर रील बनाने का क्रेज दो लोगों की जान पर भारी पड़ गया। राज्य में 24 घंटे के भीतर हुई दो अलग-अलग घटनाओं में एक किशोर की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई, जबकि एक अन्य घटना में सांप पकड़ने वाले युवक की कोबरा के डसने से जान चली गई।

Image

कोबरा के साथ रील बनाना सपेरे को पड़ा भारी

Photo : Times Now Digital

Odisha Reel Death News: आज के दौर में सोशल मीडिया पर लाइक्स और फॉलोअर्स पाने की दीवानगी लोगों के सिर चढ़कर बोल रही है। ओडिशा से एक ऐसी ही दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है, जहां रील बनाने के चक्कर में महज 24 घंटे के भीतर दो लोगों की जान चली गई।

पीटीआई भाषा के मुताबिक इन घटनाओं ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि वर्चुअल दुनिया की दीवानगी कैसे असल जिंदगी पर भारी पड़ सकती है पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, पहली घटना बौध जिले में हुई। यहां खुर्दा-बोलांगीर रेल मार्ग पर एक लड़का रेलवे पटरी के पास खड़े होकर इंस्टाग्राम के लिए रील बना रहा था, तभी तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

सोशल मीडिया पर स्टंट करना सपेरे को पड़ा भारी

हैरान करने वाली बात यह है कि परिवार और पुलिस ने उसे पहले भी इसी हरकत के लिए चेतावनी दी थी, क्योंकि वह पहले भी पटरी पर लेटकर खतरनाक वीडियो बना चुका था, लेकिन उसने इस चेतावनी को नजरअंदाज कर दिया। दूसरी घटना पुरी जिले की है, जहां सोशल मीडिया पर स्टंट करना एक सपेरे को महंगा पड़ गया।

पुलिस और प्रशासन ने की लोगों से अपील

पुरी सदर थाना क्षेत्र के रहने वाले 28 वर्षीय तपन कुमार प्रधान जहरीले सांपों को पकड़ने और उनके साथ वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर शेयर करते थे। शुक्रवार दोपहर को वे घर पर ही एक कोबरा सांप के साथ रील शूट कर रहे थे, तभी गुस्से में कोबरा ने उनकी उंगलियों, कोहनी और हाथ पर कई बार डस लिया। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

ये दोनों ही घटनाएं इंटरनेट पर प्रसिद्धि पाने की चाह में बढ़ती लापरवाही का एक भयानक रूप हैं। पुलिस और स्थानीय प्रशासन लगातार लोगों से अपील कर रहे हैं कि स्टंट या वीडियो के चक्कर में अपनी बहुमूल्य जान को जोखिम में न डालें, क्योंकि एक छोटी सी गलती जिंदगी भर का गम दे सकती है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article