शहर

गुरुग्राम में देर रात पुलिस-बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़, 3 गिरफ्तार, 136 ग्राम MDMA और हथियार बरामद

Gurugram Police Encounter: गुरुग्राम के सेक्टर 62 में शुक्रवार देर रात पुलिस और कथित बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसके बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इस दौरान एक पुलिसकर्मी और दो आरोपी गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

Image

गुरुग्राम में लूट की साजिश नाकाम (प्रतीकात्मक फोटो)

Gurugram Police Encounter: गुरुग्राम के सेक्टर 62 में शुक्रवार देर रात पुलिस और तीन कथित बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इस कार्रवाई में एक पुलिसकर्मी और दो आरोपी गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों के मुताबिक, पुलिस की क्राइम यूनिट को सूचना मिली थी कि कुछ लोग लूटपाट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। इसके बाद सेक्टर 65 की क्राइम यूनिट ने रात करीब 11 बजे इलाके में नाकाबंदी की।

भागने की कोशिश की, पुलिसकर्मियों पर की फायरिंग

पुलिस के अनुसार, इसी दौरान बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे। पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपियों ने कथित तौर पर भागने की कोशिश की और पुलिसकर्मियों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गाड़ी पर भी एक गोली लगी, जबकि एक पुलिसकर्मी के हाथ में गोली लग गई। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें दो आरोपी पैरों में गोली लगने से घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने तीनों को पकड़ लिया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

आरोपियों के पास से क्या-क्या हुआ बरामद?

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी मरफत उर्फ मरू (32), फूल बाबू शेख (26) और श्रीकुल शेख (37) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से 136 ग्राम MDMA, एक पिस्तौल, एक देसी कट्टा और कारतूस का एक खाली खोखा बरामद किया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान कुल नौ राउंड गोलियां चलीं। इनमें से छह राउंड आरोपियों ने और तीन राउंड पुलिस ने चलाए।

पहले से आपराधिक मामले दर्ज

पुलिस के मुताबिक, मरफत के खिलाफ मारपीट, चोरी, नकली नोट और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े अपराधों सहित चार मामले दर्ज हैं। वहीं, फूल बाबू शेख के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मामले दर्ज हैं और एक मामले में उसकी गिरफ्तारी पर इनाम घोषित किया गया था। श्रीकुल शेख के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट के तहत एक मामला दर्ज है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ सेक्टर 65 थाने में मामला दर्ज किया है। फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है और पुलिस उनके आपराधिक नेटवर्क तथा अन्य गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article