स्पोर्ट्स

IOA के चुनावों की तारीख का ऐलान, पीटी ऊषा ने बताया अच्छे प्रशासन के लिए अहम कदम

भारतीय ओलंपिक संघ की नयी कार्यकारी परिषद के चुनाव की तारीख का ऐलान हो गया है। आईओए अध्यक्ष पी टी ऊषा ने अच्छे प्रशासन को मजबूत बनाने के संगठन के प्रयासों की दिशा में चुनाव को अहम कदम बताया।

Image

पीटी ऊषा (फोटो क्रेडिट AI Generated/News Room Verified)

नई दिल्ली: भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) अपनी नयी कार्यकारी परिषद का चुनाव पांच दिसंबर को करेगा जिसके लिये शनिवार को संजय कुमार श्रीवास्तव को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है। श्रीवास्तव दिल्ली और चंडीगढ के पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त हैं। आईओए ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया राष्ट्रीय खेल प्रशासन अधिनियम 2025,राष्ट्रीय खेल प्रशासन (राष्ट्रीय खेल निकाय) नियमों ,2026, आईओए के संशोधित संविधान और आईओए चुनाव के उप नियमों और नियमों के तहत पूरी की जायेगी।

संजय कुमार श्रीवास्तव को बनाया चुनाव अधिकारी

इसने कहा कि चुनाव अधिकारी की निगरानी में एथलीट आयोग, उत्कृष्ट योग्यता वाले खिलाड़ी (एसओएम) और आईओए कार्यकारी परिषद के चुनाव होंगे। आईओए ने एक बयान में कहा,'आईओए ने संजय कुमार श्रीवास्तव, सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारी , पूर्व चुनाव आयुक्त , दिल्ली और चंडीगढ, को 2026 चुनाव के लिये चुनाव अधिकारी नियुक्त किया है । वह एथलीट आयोग, उत्कृष्ट योग्यता वाले खिलाड़ी (एसओएम) और आईओए कार्यकारी परिषद के चुनाव करायेंगे।'

8 सितंबर को शुरू हो गई थी चुनाव प्रक्रिया

एसओएम चुनाव की प्रक्रिया 18 सितंबर को शुरू हो गई थी जिसके लिये योग्य उम्मीदवार 18 अक्टूबर तक आवेदन और जरूरी दस्तावेज जमा कर सकते हैं । इसके बाद राष्ट्रीय खेल प्रशासन ढांचे के तहत पात्रता और स्तरीय मानदंडों के अनुरूप रोस्टर तैयार किया जाएगा। चुनाव अधिकारी ने 2026-2030 के लिए आईओए एथलीट आयोग के चुनावों की भी सूचना दी है, जिसमें तीन नवंबर को मतदान, मतगणना और नतीजों की घोषणा तय है।

आईओए ने कहा,'योग्य एनएसएफ सदस्य 11 अक्टूबर 2026 को दोपहर दो बजे तक अपने दो खिलाड़ी प्रतिनिधियों को एथलीट आयोग के लिये नामांकित कर सकते हैं। आयोग में पांच पुरुष और पांच महिला सदस्य होंगे। नियमों के अनुसार ओलंपिक श्रेणी के खिलाड़ियों और बड़ी स्पर्धाओं में उपलब्धि हासिल करने वाले खिलाड़ियों के लिये अलग प्रतिनिधित्व का प्रावधान है।'

पांच दिसंबर को पूरी होगी चुनाव प्रक्रिया

पांच दिसंबर को आईओए कार्यकारी परिषद के चुनाव के साथ प्रक्रिया पूरी होगी। आईओए अध्यक्ष पी टी ऊषा ने अच्छे प्रशासन को मजबूत बनाने के संगठन के प्रयासों की दिशा में इसे अहम कदम बताया। उन्होंने कहा,'2026 के चुनाव भारतीय ओलंपिक आंदोलन में अच्छे प्रशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करने में एक अहम मील का पत्थर हैं। हमारा मकसद मजबूत, भरोसेमंद और खिलाड़ियों पर केंद्रित संस्थान बनाना है, जो ओलंपिक चार्टर के अनुरूप हो।' ऊषा 10 दिसंबर 2022 को आईओए अध्यक्ष बनी थी और निर्विरोध चुनी गई थी। वह आईओए अध्यक्ष पद पर काबिज होने वाली पहली महिला भी थी।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article