Goa Assembly Elections 2027: गोवा में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से ही राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। राज्य के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने आम आदमी पार्टी (AAP) के मुफ्त बिजली वाले दावों को चुनावी पैंतरा बताते हुए उस पर जमकर निशाना साधा है। समाचार एजेंसी एएनआई को दिए इंटरव्यू में सीएम सावंत ने कहा कि आम आदमी पार्टी को यह बात शत-प्रतिशत पता है कि गोवा में उसकी जीत संभव नहीं है, इसीलिए वह चुनाव (Goa vidhan sabha chunav 2027) नजदीक आते ही 300 यूनिट या 600 यूनिट फ्री बिजली जैसे बड़े-बड़े वादे करने लगती है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि बीजेपी सरकार मुफ्त रेवड़ियां बांटने के बजाय जनता को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रही है। राज्य सरकार 'पीएम सूर्य घर योजना' और मुख्यमंत्री मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर रूफटॉप (छत पर सोलर पैनल) लगाने को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि न्यूनतम लागत में सोलर पैनल लगने से आने वाले समय में लोगों का बिजली बिल अपने आप जीरो हो जाएगा, जिससे स्थायी राहत मिलेगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: 'जो करना है कर लीजिए, हम पीछे हटने वाले नहीं', राहुल गांधी का CJP प्रदर्शन को समर्थन, बोले- मुझे युवाओं पर गर्व
छह सालों में गोवा में ई-गवर्नेंस और डिजिटल सेवाओं को दिया बढ़ावा-सीएम
विपक्ष द्वारा लगाए जाने वाले भ्रष्टाचार के आरोपों पर पलटवार करते हुए सावंत ने कहा कि चुनाव के समय ऐसे आरोप लगाना विपक्ष का पुराना ढर्रा है। उन्होंने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि पिछले छह सालों में गोवा में ई-गवर्नेंस और डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा दिया गया है, जो पहले कभी नहीं हुआ था।
बीजेपी में नेता हो रहे शामिल-प्रमोद सावंत
नेताओं द्वारा चुनाव से पहले दल बदलने के सवाल पर सीएम सावंत ने कहा कि गोवा जैसे छोटे राज्य में नेताओं को अब अपने पुराने दलों में कोई भविष्य नजर नहीं आता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के बुनियादी ढांचे, अर्थव्यवस्था और विकास कार्यों से प्रभावित होकर लोग और नेता लगातार बीजेपी में शामिल हो रहे हैं।
