शहर

कौशांबी में बड़ा सड़क हादसा, श्रद्धालुओं से भरी पिकअप पलटी; 2 लोगों की मौत

कौशांबी में मलाका हाईवे पर श्रद्धालुओं से भरी तेज रफ्तार पिकअप बेकाबू होकर पलट गई। हादसे में दो लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक श्रद्धालु घायल हुए। जिनमें कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

Image

मलाका हाईवे पर भीषण सड़क हादसा

Photo : Times Now Digital

उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में मलाका हाईवे पर बड़ा हादसा हो गया, जहां श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप बेकाबू होकर पलट गई। इस भीषण हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

तेज रफ्तार पिकअप अचानक हुई अनियंत्रित

जानकारी के मुताबिक, यह घटना कोखराज थाना क्षेत्र में हुई। श्रद्धालुओं से भरी पिकअप मलाका हाईवे से गुजर रही थी। इसी दौरान वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क पर पलट गया। हादसे में वाहन में सवार कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े, साथ ही पुलिस को भी घटना की सूचना दी।

पुलिस ने सरकारी गाड़ी से मरीजों को पहुंचाया अस्पताल

हादसे की सूचना मिलते ही कोखराज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष संतोष शर्मा ने पुलिस टीम के साथ राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को इलाज के लिए तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मियों ने अपनी सरकारी गाड़ी से भी घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

मेडिकल कॉलेज में घायलों का इलाज जारी

हादसे में घायल 20 से अधिक लोगों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। इनमें कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टरों की निगरानी में सभी का उपचार जारी है। वहीं हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के शव को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामले में जरूरी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी भी जांच की जा रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article