कल का मौसम कैसा रहेगा : मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर भारत में मौसमी गतिविधियां बढ़ सकती हैं। खासकर, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और उत्तरी छत्तीसगढ़ में मध्यम से भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। वहीं, उत्तराखंड तथा जम्मू-कश्मीर में कुछ स्थानों पर भारी पानी गिरने के साथ आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा बना हुआ है।इस दौरान पूर्वोत्तर भारत, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक, केरल और तेलंगाना समेत कई अन्य क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बौछारें पड़ने के आसार हैं। मौसम विभाग ने लगातार हो रही इस मानसूनी गतिविधि के चलते पर्वतीय और संवेदनशील इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति और लैंडस्लाइड (भूस्खलन) की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, गुजरात और लद्दाख जैसे हिस्सों में हल्की छिटपुट बारिश दर्ज की जा सकती है। खराब मौसम के इस मिजाज को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली-एनसीआर में मानसून एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहा है। बुधवार को दिल्ली के साथ-साथ नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद और गाजियाबाद में बारिश के आसार हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के पूर्वानुमान के मुताबिक पूरे क्षेत्र में आसमान बादलों से घिरा रहेगा और कई स्थानों पर हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। वहीं, कुछ स्थानों पर सुबह से दोपहर के बीच मध्यम बारिश होने की भी संभावना जताई गई है। शाम और रात के समय भी बहुत हल्की से हल्की बारिश का एक और दौर आ सकता है। बारिश के बावजूद दिल्ली-एनसीआर में तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। अधिकतम तापमान फिलहाल 30 से 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है। लगातार बनी उमस के बीच बारिश होने से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में भी तापमान में महत्वपूर्ण बदलाव की संभावना कम है। गुरुवार को भी क्षेत्र में बादल और बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। नोएडा में भी बुधवार सुबह वायु गुणवत्ता की स्थिति अलग-अलग इलाकों में अलग दिखाई दी। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार सेक्टर-125 में 140, सेक्टर-62 में 96, सेक्टर-1 में 106 और सेक्टर-116 में 138 की रीडिंग दर्ज की गई। इनमें सेक्टर-62 की स्थिति तुलनात्मक रूप से बेहतर रही, जबकि सेक्टर-125 और सेक्टर-116 में रीडिंग अधिक दर्ज हुई। गाजियाबाद की तस्वीर भी अलग-अलग क्षेत्रों में अलग रही।
राजस्थान में भारी बारिश का अनुमान
राजस्थान के कुछ हिस्सों में कल से फिर बारिश होने का अनुमान जताया है। विभाग के अनुसार, 20 से 23 अगस्त के दौरान पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, जयपुर संभाग के कुछ भागों में हल्की मध्यम बारिश हो सकती है। साथ ही बाकी भागों में कमजोर बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। इसी तरह बीकानेर संभाग के उत्तरी भागों व शेखावाटी क्षेत्र के कुछ भागों में 20 से 22 अगस्त के दौरान हल्की मध्यम बारिश होगी। बुधवार को सुबह तक, बीते चौबीस घंटे के दौरान राज्य के पश्चिमी भाग में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा तथा पूर्वी भाग के खेरथल तिजारा, बारां, कोटा, बाँसवाड़ा, प्रतापगढ़ व सलुम्बर जिलों में कहीं कहीं पर हल्की बारिश हुई। सबसे अधिक 10 मिलीमीटर बारिश दानपुर (बाँसवाड़ा) में हुई।
तमिलनाडु में मौसम का हाल
तमिलनाडु के तटीय क्षेत्र पर कमजोर निम्न दबाव का परिसंचरण बने रहने के कारण बुधवार को चेंगलपट्टू, विलुपुरम और कुड्डालोर जिलों में गरज के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि निचले स्तरों में व्याप्त वायुमंडलीय प्रणाली से राज्य के कई हिस्सों में वर्षा के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनने की उम्मीद है। जिन तीन जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है, उनके अलावा तिरुवल्लूर, तिरुवनमलाई, पेराम्बालूर, अरियालूर, मयिलादुथुराई, पुदुक्कोट्टई, शिवगंगा, मदुरै, दिंडीगुल और थेनी जिलों में भी कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश की संभावना है। कुछ इलाकों में बारिश के साथ गरज और बिजली गिरने की भी आशंका है। निवासियों को सलाह दी गई है कि वे आंधी-तूफान के दौरान सतर्क रहें और पेड़ों के नीचे या कमजोर ढांचों के पास शरण न लें।
