शहर

कल का मौसम 05 June 2025 : सैलाब लाने को बादल तैयार! मूसलाधार बारिश के साथ आएगा तूफान; वज्रपात-ओलावृष्टि का अलर्ट

Kal Ka Mausam, 05 June 2025, कल का मौसम कैसा रहेगा, Aaj Aur Kal ka Mausam kaisa Rahega: देशभर में मौसम का मिजाज बदले रहने का पूर्वानुमान है। आईएमडी ने दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, हरियाणा-पंजाब और राजस्थान में तेज हवाओं के साथ कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश की बात कही है। इस दौरान ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। इसके अलावा पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में भी बारिश का अलर्ट है। उधर, गुजरात, गोवा और महाराष्ट्र में तेज हवाओं के साथ बारिश होगी तो वहीं, नॉर्थ ईस्ट और साउथ के राज्यों में बारिश जारी रहेगी।

Image

कल का मौसम

Kal Ka Mausamm (कल का मौसम कैसा रहेगा) : प्री मानसून के एक्टिव होने से देशभर में मौसमी गतिविधियां हो रही हैं। मौसम विभाग ने जून में मौसम सुहावना रहने के संकेत दिए हैं। आईएमडी ने अगले 24 के लिए पूर्वानुमान जारी करते हुए हरियाणा-पंजाब, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। इस दौरान कई राज्यों में गरज चमक से साथ ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। तेज हवाएं और बौछारें मौसम को सुहावना बनाएंगी, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। उधर, दक्षिण भारत के राज्यों केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भारी बारिश होगी। वहीं, पूर्वोत्तर के राज्यों में आसमान से आफत बरस रही है। पिछले कई दिनों से असम, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा और मेघालय में भारी से अति भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित है। इन राज्यों में प्रवाहित कई बड़ी नदियां उफान पर हैं। बाढ़ और लैंडस्लाइड की घटनाओं से लोग बुरी तरह प्रभावित हैं। आने वाले दिनों में कुछ इसी प्रकार के मौसम की संभावना है। कमोबेश यही हालात पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में देखने को मिलेंगे। लोगों को खराब मौसम के दौरान लैंडस्लाइड जैसी घटनाओं से सुरक्षित रहने की सलाह दी गई है। इधर, पश्चिमी राज्यों गुजरात और महाराष्ट्र में भारी बारिश के लिए अलर्ट जारी किया गया है।

शहर का नामन्यूनतम तापमानअधिकतम तापमान
दिल्ली24 °C33 °C
मुंबई28 °C29 °C
जयपुर 24 °C32 °C
भोपाल 23 °C31 °C
पटना26 °C33 °C
लखनऊ 25 °C35 °C
चेन्नई29 °C36 °C
बेंगलुरु21 °C29 °C
देहरादून 18 °C28 °C
शिमला11 °C21 °C
कश्मीर 4 °C12 °C

यूपी का मौसम कैसा रहेगा?

उत्तर प्रदेश में मानसून से पहले ही लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 2 दिन तक बादलों की आवाजाही के साथ तेज हवाएं बहेंगी और बारिश होगी। इसके बाद गर्म पछुआ हवाएं बहेंगी, जिससे लू का एहसास होगा। इस वजह से अधिकतम तापमान में 5 से 6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। यूपी मौसम विज्ञान की ओर से कहा गया है कि 5 जून को मौसम का मिजाज बदला रहेगा। मौसम विभाग ने राज्य के अधिकतर जिलों में आकाशीय बिजली (वज्रपात) और ओलावृष्टि की चेतावनी है। लिहाजा, खराब मौसम के दौरान लोगों को सुरक्षित रहने की सलाह दी गई है।

दिल्ली-एनसीआर कल का मौसम

दिल्ली-एनसीआर में मौसम सुहावना बना हुआ है। बादलों के छाए रहने से लोगों को भीषण गर्मी से काफी राहत है। पिछले दिनों तेज हवाओं और बारिश से सूरज की तपिश कम हुई है। आईएमडी ने दिल्ली में गरज के साथ बारिश एवं आंधी आने और बिजली कड़कने का पूर्वानुमान जताते हुए ‘येल अलर्ट’ जारी किया है। मौसम विभाग ने बताया कि शहर में न्यूनतम तापमान 24.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री कम है।

‘येलो अलर्ट’ इस बात का चेतावनी संकेत है कि मौसम की खराब स्थिति उत्पन्न होने की आशंका है और इससे दिन-प्रतिदिन की गतिविधियां प्रभावित हो सकती हैं। आईएमडी ने गरज के साथ बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्ष आर्द्रता 71 प्रतिशत थी। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। आईएमडी ने बताया कि जून में दिल्ली में सामान्यत: 80.6 मिमी. वर्षा होती है। दिल्ली के लिए मानसून की सामान्य तिथि 27 जून है, लेकिन यह जल्दी आ सकता है।

दिल्ली-एनसीआर में कितना प्रदूषण?

दिल्ली-एनसीआर में पिछले दिनों हुई बारिश से प्रदूषण के स्तर में थोड़ी कमी आई है। आज एक्यूआई 181 रहा जो वायु गुणवत्ता की मध्यम श्रेणी है। सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार, एक्यूआई को शून्य से 50 के बीच अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर श्रेणी में माना जाता है।

बिहार में कैसा रहेगा मौसम

बिहार में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मौसम विभाग ने राज्य के अधिकतर जिलों में तेज हवाएं और बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। पटना मौसम केंद्र ने लखीसराय, बांका, भागलपुर, जमुई, खगड़िया और मुंगेर में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना व्यक्त की है। इसके अलावा नवादा, वैशाली, गया, नालंदा और जहानाबाद में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई जिलों में ओलावृष्टि और ठनका गिरने की चेतावनी है। लिहाजा, लोग सतर्क रहें।

राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम?

राजस्थान में एक नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से अनेक हिस्सों में कल से बारिश हो रही है। इससे अधिकतम तापमान में गिरावट से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग की मानें तो अभी बारिश का दौर जारी रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आज बुधवार को एक बार पुनः बीकानेर, जयपुर, अजमेर, कोटा व भरतपुर संभाग के कुछ भागों में बादल गरजने के साथ हल्की/मध्यम व कहीं-कहीं तेज बारिश होने की संभावना है। पांच जून को भी बीकानेर, जयपुर, कोटा, भरतपुर संभाग में कहीं-कहीं आंधी बारिश होगी। 6 जून से आंधी बारिश की गतिविधियों में कमी होने तथा तापमान में 3 से 5 डिग्री की बढ़ोतरी होगी। बीकानेर संभाग में 7-8 जून को अधिकतम तापमान 44-45 डिग्री दर्ज होने व कहीं-कहीं लू चलने की संभावना है।

अरुणाचल प्रदेश भारी बारिश से बाढ़

अरुणाचल प्रदेश में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। लगातार बारिश के कारण पूरे राज्य में नए सिरे से भूस्खलन और जलभराव की आशंका पैदा हो गई है। राज्य के 23 जिलों में 3,000 से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (एसईओसी) की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि इस साल मानसून की बारिश के कारण हुए भूस्खलन और बाढ़ के कारण कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई है, जबकि दो लापता लोगों की तलाश के लिए अभियान जारी है।

असम में बाढ़

असम में बाढ़ की स्थिति बुधवार को भी बहुत गंभीर बनी हुई है और लगातार बारिश के कारण राज्य के कई हिस्सों में जलस्तर बढ़ गया और नए इलाके जलमग्न हो गए। ब्रह्मपुत्र सहित सात नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं, जबकि गुवाहाटी स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (RMC) ने राज्य में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा का पूर्वानुमान जताया है। धुबरी, दक्षिण सलमारा-मनकाचर, ग्वालपारा और कोकराझार में गरज के साथ बारिश होने और बिजली चमकने तथा 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। एएसडीएमए की रिपोर्ट के मुताबिक, हैलाकांडी, श्रीभूमि, मोरीगांव, कछार, सोनितपुर और तिनसुकिया जिलों में छह और लोगों की जान चली गई और 21 जिलों में लगभग 6.5 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। इस वर्ष बाढ़ और भूस्खलन में मरने वाले लोगों की कुल संख्या बढ़कर 17 हो गई है। "सुबह से ही निचले असम के कई जिलों में भारी बारिश हो रही है। बारपेटा, बोंगाईगांव, नलबाड़ी, ग्वालपारा और बक्सा के कई स्थान प्रभावित हुए हैं।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article