एजुकेशन

Delhi Protest: स्कूल-कॉलेजों की परीक्षाएं टलीं, ऑनलाइन क्लास की तैयारी, मेट्रो बंद होने का असर

Delhi Schools Shift Classes Online: सुरक्षा व्यवस्था और मेट्रो सेवाओं में संभावित रुकावट को ध्यान में रखते हुए कुछ स्कूलों ने ऑनलाइन क्लास चलाने का फैसला किया है, जबकि कई संस्थानों ने परीक्षाएं और दूसरे कार्यक्रम आगे बढ़ा दिए हैं।

Image

स्कूल-कॉलेजों की परीक्षाएं टलीं, ऑनलाइन क्लास की तैयारी, मेट्रो बंद होने का असर (Image- AI Generated/Newsroom Verified)

Delhi Schools and Colleges Shift Classes Online: दिल्ली में 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए कई स्कूलों और कॉलेजों ने अपने कार्यक्रमों में बदलाव किया है। सुरक्षा व्यवस्था और मेट्रो सेवाओं में संभावित रुकावट को ध्यान में रखते हुए कुछ स्कूलों ने ऑनलाइन क्लास चलाने का फैसला किया है, जबकि कई संस्थानों ने परीक्षाएं और दूसरे कार्यक्रम आगे बढ़ा दिए हैं। PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, नई दिल्ली और आसपास के इलाकों में बैरिकेडिंग और मेट्रो स्टेशन के प्रवेश-निकास द्वार बंद होने की आशंका के चलते ये फैसले लिए गए हैं।

स्कूलों ने बदला पढ़ाई और कार्यक्रमों का शेड्यूल

सरदार पटेल विद्यालय ने शनिवार को कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों की क्लास ऑनलाइन कराने का फैसला किया है। स्कूल ने शुक्रवार को विद्यार्थियों के लिए स्टे-बैक सुविधा भी बंद कर दी है। शनिवार को होने वाला एक्टिविटी वीक का उद्घाटन भी टाल दिया गया है।

पैरेंट-टीचर मीटिंग की तारीख बढ़ाई गई

रघुबीर सिंह जूनियर मॉडर्न स्कूल ने 10 अक्टूबर को होने वाली पैरेंट-टीचर मीटिंग (PTM) को आगे बढ़ा दिया है। वहीं, कस्तूरबा गांधी मार्ग स्थित भारतीय विद्या भवन के मेहता विद्यालय ने कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों की स्पोर्ट्स डे प्रैक्टिस और एनरिचमेंट क्लास रद्द कर दी हैं।

इन कॉलेजों में टलीं मिड-टर्म परीक्षाएं

मेट्रो सेवाओं पर असर पड़ने की आशंका के चलते कुछ कॉलेजों ने भी परीक्षा की तारीख बदल दी है।

भारती विद्यापीठ कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग ने परीक्षा सोमवार, 12 अक्टूबर को कराने की जानकारी दी है। परीक्षा का समय पहले जैसा ही रहेगा। महाराजा अग्रसेन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी ने भी मेट्रो प्रतिबंधों से जुड़ी दिल्ली पुलिस की सूचना के बाद परीक्षाएं 12 अक्टूबर तक टाल दी हैं।

57 मेट्रो स्टेशनों पर आवाजाही प्रभावित होने की आशंका

दिल्ली पुलिस ने प्रस्तावित प्रदर्शन के मद्देनजर DMRC को शुक्रवार रात 9 बजे से 57 मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद करने का निर्देश दिया है। यह व्यवस्था अगले आदेश तक लागू रहने की बात कही गई है। ऐसे में छात्रों और अभिभावकों को अपने स्कूल या कॉलेज से जारी आधिकारिक सूचना देखकर ही यात्रा की योजना बनानी चाहिए।

Neelaksh Singh
नीलाक्ष सिंहauthor

नीलाक्ष सिंह 2021 से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल से जुड़े हैं और एजुकेशन सेक्शन के लिए कंटेंट लिखते हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रिंट मीडिया में इंटर्नशिप की, जहां फील्ड रिपोर्टिंग, स्टूडेंट-इश्यू बेस्ड ग्राउंड स्टोरीज और सटीक न्यूजराइटिंग की बुनियादी समझ हासिल की। प्रिंट के बाद डिजिटल मीडिया में भी वह एजुकेशन बीट पर ही लगातार काम करते रहे हैं। पत्रकारिता में 10 सालों से सक्रिय नीलाक्ष सिंह 12 हजार से अधिक खबरें लिख चुके हैं। वह एग्जाम अपडेट्स, एडमिशन प्रोसेस, करियर गाइडेंस, स्टूडेंट वेलफेयर, बोर्ड रिजल्ट्स और नीतिगत बदलावों पर गहन और बेहद उपयोगी कंटेंट तैयार करते हैं।

और पढ़ें
End of Article