शहर

त्योहारों से पहले यूपी की उज्ज्वला लाभार्थियों की बल्ले-बल्ले, 2026-27 में दो बार फ्री में भरवा सकेंगी LPG सिलेंडर

UP Free LPG Cylinder Scheme: त्योहारों से पहले उत्तर प्रदेश सरकार ने वित्त वर्ष 2026-27 में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की लाभार्थियों को दो बार मुफ्त एलपीजी सिलेंडर रिफिल की सुविधा देने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।

Image

उज्ज्वला लाभार्थियों के लिए खुशखबरी (फोटो- PTI)

Photo : PTI

UP Free LPG Cylinder Scheme: उत्तर प्रदेश सरकार ने वित्त वर्ष 2026-27 में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की लाभार्थियों को दो बार मुफ्त एलपीजी सिलेंडर रिफिल की सुविधा देने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इस फैसले से राज्य की पात्र उज्ज्वला योजना लाभार्थियों को चालू वित्त वर्ष में दो बार गैस सिलेंडर भरवाने की सुविधा मिलेगी। सरकार की ओर से जारी आधिकारिक बयान के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में पिछले वित्तीय वर्षों के दौरान भी प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को होली और दीपावली के अवसर पर दो चरणों में मुफ्त एलपीजी सिलेंडर रिफिल की सुविधा दी जाती रही है। इसी व्यवस्था को जारी रखते हुए वित्त वर्ष 2026-27 में भी लाभार्थियों को दो बार मुफ्त सिलेंडर भरवाने का लाभ दिया जाएगा।

अक्टूबर से दिसंबर और जनवरी से मार्च तक मिलेगा लाभ

सरकारी जानकारी के अनुसार, मुफ्त एलपीजी सिलेंडर रिफिल योजना को चालू वित्त वर्ष में दो चरणों में लागू किया जाएगा। पहले चरण के तहत अक्टूबर से दिसंबर 2026 तक लाभार्थियों को मुफ्त सिलेंडर भरवाने की सुविधा मिलेगी। वहीं, दूसरे चरण में जनवरी से मार्च 2027 तक इस सुविधा का लाभ उठाया जा सकेगा। इस योजना के क्रियान्वयन पर उत्तर प्रदेश सरकार का कुल अनुमानित खर्च 2,142.78 करोड़ रुपये होगा। सरकार का यह निर्णय उज्ज्वला योजना के तहत आने वाले पात्र परिवारों को रसोई गैस की उपलब्धता में आर्थिक सहायता देने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण है।

आधार प्रमाणीकरण पूरा होना जरूरी

सरकार ने योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए कुछ जरूरी शर्तें भी निर्धारित की हैं। इसके तहत केवल प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की पात्र लाभार्थियों को ही मुफ्त एलपीजी सिलेंडर रिफिल की सुविधा मिलेगी। लाभार्थी का बैंक खाता आधार से जुड़ा होना चाहिए और आधार प्रमाणीकरण की प्रक्रिया भी पूरी होनी जरूरी है। इसलिए पात्र लाभार्थियों को अपने बैंक खाते और आधार से संबंधित जानकारी की जांच कर लेनी चाहिए, ताकि योजना का लाभ प्राप्त करने में किसी तरह की परेशानी न हो।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article