CJP Protest: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर होने वाले कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के धरना प्रदर्शन से मुसलमानों को दूरी बनाने की अपील की गई है। ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी ने कहा कि धरना प्रदर्शन करना, अपनी आवाज बुलंद करना हर व्यक्ति का अधिकार है, मगर हिंसा करने की इजाजत किसी को नहीं दी जा सकती है।
मुस्लिमों से खास अपील
उन्होंने कहा, ''मैं तमाम मुस्लिम नौजवानों से अपील करता हूं कि सीजेपी के होने वाले धरना प्रदर्शन से दूरी बनाएं और उसमें हिस्सा न लें, क्योंकि क्योंकि गत दिनों हुए धरना प्रदर्शन में हिंसा भड़की थी, जिन चंद मुसलमानो ने शिरकत की थी उनको बाद में बड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ा था।''
'न जाएं जंतर-मंतर'
मौलाना रजवी ने कहा कि इसी तजुर्बे की बुनियाद पर दिल्ली के नौजवानों और खासतौर पर दिल्ली से सटे हुए जनपदों में रहने वाले और काम करने वाले नौजवानों से कहना चाहता हूं वो हरगिज जंतर-मंतर न जाएं। धरना देना और अपनी आवाज बुलंद करना हमारा संवैधानिक अधिकार है, लेकिन यह चीजें उसी वक्त तक सही रहती हैं, जब तक एहतजाज (विरोध) शांति पूर्वक हो, अगर एहतजाज अशांति में बदल जाएं तो फिर उसका कोई महत्व नहीं रह जाता।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: ट्रेन-मेट्रो के परिचालन पर न हो पूर्ण पाबंदी, सरकार ज्यादा से ज्यादा करें प्रचारित; SC ने फैसले पर पुनर्विचार करने का दिया आदेश
मौलाना रजवी ने मुस्लिम युवाओं से जंतर-मंतर से दूरियां बनाने की अपील की और कहा कि मुस्लिम नौजवान इस तरह के धरना प्रदर्शन से अपने आप को दूर रखें। साथ ही उन्होंने कहा कि मां-बाप अपने बच्चों को भी समझाएं कि वह धरना प्रदर्शन में न जाएं।
हाई अलर्ट पर दिल्ली पुलिस
सनद रहे कि सीजेपी और विपक्षी दलों के प्रदर्शनों के चलते दिल्ली पुलिस इन दिनों हाई अलर्ट पर है और अर्धसैनिक बलों के 20,000 से अधिक जवानों को भी तैनात किया गया है। सीजेपी ने शनिवार को सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने सीजेपी को प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी। इसके अलावा, पिछले तीन दिनों से विपक्षी दलों का प्रदर्शन जारी है।
