अयोध्या : रामनगरी अयोध्या में दीपोत्सव-2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं। छह से आठ नवंबर तक दीपोत्सव के विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सात नवंबर को मुख्य आयोजन होगा, जिसके तहत अयोध्या के 56 घाटों पर करीब 30 लाख दीये जलाने की तैयारी है। इस दौरान शहर के प्रमुख चौराहों, प्रवेश मार्गों, राम कथा पार्क, राम की पैड़ी और सरयू तट को रामायण थीम पर सजाया जाएगा।
दीपोत्सव के दौरान अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए कई आकर्षक व्यवस्थाएं की जाएंगी। राम कथा पार्क और राम की पैड़ी पर 10-10 सेल्फी पॉइंट बनाए जाएंगे। इसके अलावा लखनऊ, सुल्तानपुर और रायबरेली की ओर से आने वाले प्रमुख मार्गों के साथ धर्म पथ पर रामायण थीम आधारित 10 भव्य प्रवेश द्वार तैयार किए जाएंगे।
टाइम्स नाउ नवभारत को यह भी पढे़ं -मध्य प्रदेश में OBC को नहीं मिलेगा 27% आरक्षण! 14% पर ही करना पड़ेगा संतोष? हाई कोर्ट ने खारिज कीं याचिकाएं
पुष्पक विमान और राम दरबार होंगे आकर्षण
दीपोत्सव के दौरान राम की पैड़ी के पास पुष्पक विमान थीम पर रोडसाइड इंस्टॉलेशन तैयार किया जाएगा। यहां राम दरबार की भव्य प्रस्तुति भी देखने को मिलेगी। रामायण के विभिन्न प्रसंगों पर आधारित झांकियां सजाई जाएंगी। वहीं, राम कथा पार्क के समीप हेलीपैड क्षेत्र में भरत मिलाप मंच और पाथवे विकसित किए जाएंगे।
प्रमुख स्थानों पर लगेंगे दिशा-सूचक
श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए अयोध्या के करीब 10 प्रमुख स्थानों पर वे-फाइंडर यानी दिशा-सूचक लगाए जाएंगे। इसके साथ ही वर्टिकल स्क्रीन के माध्यम से जरूरी जानकारियां भी प्रदर्शित की जाएंगी। प्रमुख मार्गों पर रामायण के विभिन्न कांडों और प्रसंगों को सरल भाषा में दिखाया जाएगा, ताकि बच्चे भी रामायण की कथाओं और प्रसंगों से जुड़ सकें। दीपोत्सव-2026 के जरिए अयोध्या की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को प्रदर्शित करने की तैयारी है। जिला प्रशासन की ओर से आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
