मध्य प्रदेश के शिवपुरी में एक जनसभा के दौरान केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का एक अलग ही अंदाज देखने को मिला। चंबल की भीषण गर्मी के बीच सिंधिया ने जेब से प्याज निकालकर सबको हैरान कर दिया। सिंधिया का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
51 डिग्री की गर्मी और सिंधिया का 'देसी नुस्खा'
मई-जून की तपती धूप और पारा चढ़ने के बीच लोग अक्सर एयर कंडीशनर (AC) का सहारा लेते हैं, लेकिन ज्योतिरादित्य सिंधिया का तरीका बिल्कुल अलग है। उन्होंने जनसभा में खुलासा किया कि वह न तो अपनी गाड़ी में एसी चलाते हैं और न ही एसी वाले वातावरण में बैठना पसंद करते हैं। सिंधिया ने कहा, "लोग पूछते हैं कि इतनी गर्मी में कैसे रह लेते हो? मैं कहता हूं कि यह चंबल की चमड़ी है, थोड़ी मोटी होती है। मुझे पसीना बहाने में मजा आता है।"
जेब से निकाला प्याज
भाषण के दौरान सिंधिया ने अपनी जेब से एक प्याज निकाला और लोगों को दिखाते हुए कहा, "आधुनिक युग में सब मोबाइल (डब्बे) लेकर घूम रहे हैं, और संचार मंत्री अपनी जेब में प्याज लेकर घूम रहा है। जेब में प्याज रखो और सिर पर पट्टा (तौलिया) डालो, फिर निकल पड़ो...।" सिंधिया ने आयुर्वेद और पुरानी परंपराओं के बारे में बताते हुए कहा कि भले ही हम आधुनिक हो रहे हैं, लेकिन हमें अपने पुरखों के नुस्खों को नहीं भूलना चाहिए। इसी बीच रैली में मौजूद एक बुजुर्ग ने भी अपनी जेब से प्याज निकालकर दिखाया, जिस पर सिंधिया ने मुस्कुराते हुए कहा कि यही जमीन से जुड़ाव की असली पहचान है।
"आत्मा बूढ़ी है, योद्धा की तरह लड़ूंगा"
खुद को जनता का सेवक और योद्धा बताते हुए सिंधिया ने कहा, "मैं दिखने में थोड़ा जवान हो सकता हूं, लेकिन मेरी आत्मा बहुत पुरानी और अनुभवी है। सिंधिया परिवार हमेशा जमीन से जुड़ा रहा है और आपका यह योद्धा आखिरी सांस तक आपके लिए लड़ेगा।"
