Jalaun News: उत्तर प्रदेश के जालौन जिले से एक बेहद सनसनीखेज घटना सामने आई है। कालपी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं 70 वर्षीय वरिष्ठ अधिवक्ता गयादीन अहिरवार का शनिवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में अपहरण करने के बाद हत्या कर दी गई। रविवार सुबह उनका शव पड़ोसी जिले कानपुर के सचेंडी थाना क्षेत्र में लावारिस हालत में बरामद हुआ। इस घटना की सूचना मिलते ही अधिवक्ताओं और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कई टीमें गठित कर जांच शुरू कर दी है।
फाइल देने के बहाने बुलाया और कार में कर लिया किडनैप
पुलिस और परिजनों से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, शनिवार रात बदमाशों ने पूरी साजिश के तहत वारदात को अंजाम दिया। शनिवार रात किसी अज्ञात व्यक्ति का वकील गयादीन अहिरवार के पास फोन आया। कॉल करने वाले ने किसी केस की फाइल के बारे में बातचीत करने और दस्तावेज देने के बहाने उन्हें मिलने के लिए बुलाया। फोन आने के बाद 70 वर्षीय गयादीन अहिरवार कानपुर-झांसी हाईवे पर स्थित दुर्गा मंदिर चौराहे पहुंचे। वहां पहले से घात लगाकर तैयार कार सवार अज्ञात बदमाशों ने उन्हें जबरन गाड़ी में खींच लिया और किडनैप कर उरई की तरफ फरार हो गए। किडनैपिंग के कुछ ही देर बाद गयादीन अहिरवार का मोबाइल स्विच ऑफ आने लगा। परिजनों ने जब उस नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की, जिससे वकील साहब को फोन आया था, तो वह नंबर भी बंद हो गया। अनहोनी की आशंका के चलते परिजनों ने तुरंत कालपी पुलिस को सूचित किया, जिसके आधार पर पुलिस ने अपहरण का केस दर्ज किया।
रविवार सुबह कानपुर के सचेंडी में मिला शव
अपहरण के बाद रात भर पुलिस वकील की तलाश में सर्विलांस और स्वाट टीमों के जरिए खाक छानती रही। लेकिन रविवार सुबह कानपुर नगर के सचेंडी थाना इलाके में एक अज्ञात वृद्ध का शव मिलने की खबर आई। सूचना पर कालपी पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे, जहां परिजनों ने मृतक की पहचान कालपी बार संघ के अध्यक्ष गयादीन अहिरवार के रूप में की। क्षेत्राधिकारी (सीओ) राजेश कमल ने आधिकारिक तौर पर शव मिलने और उनकी पहचान की पुष्टि की है।
CCTV फुटेज और रंजिश के एंगल से जांच में जुटी पुलिस
70 वर्षीय वरिष्ठ वकील की इस तरह निर्मम हत्या के बाद कालपी और जालौन के वकीलों में जबरदस्त गुस्सा व्याप्त है। पुलिस की टीम दुर्गा मंदिर चौराहे से लेकर कानपुर-झांसी हाईवे और सचेंडी तक जाने वाले सभी टोल प्लाजा व रास्तों के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है, ताकि बदमाशों की कार का नंबर ट्रेस किया जा सके। पुलिस उस अज्ञात नंबर का कॉल डिटेल रिकॉर्ड भी निकाल रही है, जिससे वकील साहब को शनिवार रात फोन करके चौराहे पर बुलाया गया था
