पंजाबी

Honey Singh के भतीजे Vidit Olak की सड़क हादसे में हुई मौत, बोले- 'भोलेनाथ, मेहर करो'

  • Authored by: अभय
  • Updated Nov 1, 2026, 02:25 PM IST

Honey Singh Nephew Dies In Jalandhar Car Accident: मशहूर रैपर यो यो हनी सिंह के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस मुश्किल वक्त में सिंगर ने सोशल मीडिया पर अपना दर्द बयां किया है।

Image

भतीजे की मौत से टूटे यो यो हनी सिंह, भोलेनाथ से मांगी दया; जालंधर में हुआ दर्दनाक हादसा (Image Source: Honey Singh Instagram)

Honey Singh Nephew Dies In Jalandhar Car Accident: मशहूर रैपर यो यो हनी सिंह (Yo Yo Honey Singh) की जिंदगी में एक बार फिर दुखों ने दस्तक दी है। सिंगर के परिवार से जुड़ी एक दुखद खबर सामने आई है, जिसने उन्हें अंदर तक झकझोर दिया है। इस घटना के बाद हनी सिंह ने सोशल मीडिया पर अपनी भावनाएं जाहिर की हैं। खबर है कि हनी सिंह के भतीजे विदित ओलक (Vidit Olak) की रविवार, 1 नवंबर की सुबह पंजाब के जालंधर में एक सड़क हादसे में मौत हो गई। इस दुर्घटना में उनके दोस्त आरव तलवार (Aarav Talwar) ने भी जान गंवा दी। दोनों एक दोस्त की बर्थडे पार्टी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी वोक्सवैगन कार पुलिस लाइंस इलाके के पास एक फ्लाईओवर पर खड़ी नगर निगम की ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

भावुक हुए हनी सिंह

हनी सिंह ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर इस दुखद खबर की पुष्टि की और भतीजे को खोने का दर्द जाहिर किया। सिंगर ने लिखा, "मेरे लिए यह दशक बेहद दुखभरा रहा है। अपने भतीजे को खोना मेरे लिए बहुत बड़ा सदमा है। भोलेनाथ, मेहर करो, मेहर करो, मेहर करो।' उनके इस मैसेज से अचानक हुए इस नुकसान पर उनका दर्द साफ झलक रहा था। उन्होंने भोलेनाथ का नाम लेकर इस मुश्किल वक्त में भगवान शिव से आशीर्वाद और हिम्मत देने की प्रार्थना भी की।

पुलिस ने दी ये जानकारी

विदित ओलक पंजाबी म्यूजिक कंपनी स्पीड रिकॉर्ड्स (Speed Records) के मालिक दिनेश ओलक के बेटे थे। वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले आरव तलवार, पप्पी स्वीट्स के मालिक के बेटे थे। बारादरी थाने के एसएचओ साहिल चौधरी ने बताया कि पुलिस को हादसे की जानकारी रात करीब 3 बजे मिली थी। नगर निगम के सफाई कर्मचारी फ्लाईओवर पर सफाई का काम कर रहे थे। उन्होंने कचरा इकट्ठा करने के लिए वहां ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी की हुई थी। तभी कार वहां खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। इस हादसे में विदित और आरव की मौत हो गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसे से पहले फॉक्सवैगन कार में पांच लोग सवार थे। एसएचओ साहिल चौधरी ने बताया कि कार में मौजूद बाकी तीन लोग अपने घर पहुंच गए थे, जबकि विदित ओलाक और आरव तलवार की हादसे में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों के शवों को अपने कब्जे में लिया। रिपोर्ट्स के अनुसार, परिवारों ने कोई कानूनी कार्रवाई नहीं करनी चाही, जिसके बाद शव उन्हें सौंप दिए गए।

Abhay
अभयauthor

अभय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एंटरटेनमेंट डेस्क पर चीफ कॉपी एडिटर हैं। टीवी पत्रकारिता में डिप्लोमा हासिल करने वाले अभय मनोरंजन जगत की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। वे फिल्म, टीवी, ओटीटी और सेलिब्रिटी अपडेट्स को सरल भाषा में और सटीक जानकारी के साथ पेश करने के लिए जाने जाते हैं। अभय अबतक 9,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं। तेजी से बदलती एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में खबरों को पकड़ने, रिसर्च करने और समय पर प्रकाशित करने में उनकी खास दक्षता है।

और पढ़ें
End of Article