शहर

उत्तराखंड हेलिकॉप्टर हादसा: सभी छह मृतकों के शव बरामद, AIIMS ऋषिकेश भेजे गए

चमोली में जोशीमठ के पास शुक्रवार को हुए हेलिकॉप्टर हादसे में मारे गए सभी छह लोगों के शव रविवार सुबह बरामद कर लिए गए। सेना, ITBP, SDRF, NDRF और अन्य टीमों ने बचाव अभियान चलाया।

Image

उत्तराखंड हेलिकॉप्टर हादसे में रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा

Photo : Times Now Digital

Uttarakhand Helicopter Crash: उत्तराखंड के चमोली जिले में जोशीमठ के पास हुए दर्दनाक हेलिकॉप्टर हादसे में सर्च ऑपरेशन पूरा हो गया है। इस हादसे में जान गंवाने वाले सभी छह लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं। जिला प्रशासन के मुताबिक, रविवार सुबह सभी शवों को ऋषिकेश स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को बद्रीनाथ धाम से देहरादून लौट रहा हेलिकॉप्टर जोशीमठ के पास चाई गांव में पहाड़ी पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। हादसे के बाद से ही लगातार बचाव अभियान चलाया जा रहा था। लेकिन दुर्गम पहाड़ी इलाका और घटनास्थल की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा करने में 24 घंटे से ज्यादा का समय लगा।

पैदल रास्तों से निकाले गए शव

चमोली जिला प्रशासन के मुताबिक, सभी छह मृतकों के शवों को बचाव दलों ने कठिन पहाड़ी रास्तों से पैदल निकालकर जोशीमठ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया। वहां जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शवों को हेलिकॉप्टर के माध्यम से AIIMS ऋषिकेश भेजा गया। जिला प्रशासन ने रविवार को जारी बयान में बताया कि दुर्गम और ऊंचाई वाले पहाड़ी क्षेत्र में बचाव दलों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। सभी शवों को कठिन रास्तों से पैदल बाहर लाया गया।

कई एजेंसियों ने मिलकर चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

हादसे के बाद शुक्रवार से ही तलाशी और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया था। इस ऑपरेशन में भारतीय सेना, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP), राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF), राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF), पुलिस, जिला प्रशासन और वन विभाग की टीमों ने संयुक्त रूप से हिस्सा लिया। दुर्गम इलाके और दूरस्थ घटनास्थल के कारण अभियान में काफी बाधाएं आईं। हालांकि, सभी एजेंसियों के संयुक्त प्रयास से रविवार सुबह तक छहों मृतकों के शव बरामद कर लिए गए और उन्हें ऋषिकेश भेज दिया गया।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article