जयपुर

राजस्थान का मौसम 8-July-2025: राजस्थान में मानसून ने ली करवट, 128 फीसदी अधिक बरसे मेघराज, कई जिलों में अलर्ट

Rajasthan Ka Mausam (राजस्थान में आज का मौसम कैसा रहेगा) 8-July-2025 जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, कोटा में जाने आज बारिश होगी या नहीं? के मौसम का पूर्वानुमान: राजस्थान में मानसून जोरों पर है। राज्य में अब तक सामान्य से 128 फीसदी ज्यादा वर्षा दर्ज की जा चुकी है। आज भी कई इलाकों में अलर्ट जारी किए गए हैं। आइए जानते हैं कैसा रहेगा राजस्थान के मौसम का हाल।

Image

राजस्थान में मानसून मेहरबान

Photo : Times Now Digital

Rajasthan Ka Mausam (राजस्थान में आज का मौसम कैसा रहेगा) 8-July-2025: राजस्थान के मौसम ने पूरी तरह करवट ले ली है। इस मानसून सीजन में राज्य में अब तक सामान्य से 128 फीसदी ज्यादा बारिश दर्ज की जा चुकी है। 1 जून से 6 जुलाई तक कुल 178.5 मिमी बारिश हो चुकी है, जबकि इस अवधि में सामान्य औसत बारिश 78.4 मिमी ही मानी जाती है। सोमवार को कोटा, जयपुर और बीकानेर संभाग के कई इलाकों में जोरदार बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने मंगलवार से राज्य में भारी बारिश के एक और दौर की चेतावनी जारी की है।

यहां हुई जोरदार बारिश

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान बारां जिले के छीपाबड़ौद में 52 मिमी बारिश हुई, जो सबसे अधिक थी। इसके अलावा अटरू में 22 मिमी, कोटा के कानवास में 17 मिमी, चूरू के रतनगढ़ में 15 मिमी, जयपुर के फुलेरा में 29 मिमी, पावटा में 47 मिमी, दूदू में 23 मिमी, नरैना में 20 मिमी, बीकानेर में 33 मिमी, सवाई माधोपुर के खंडार में 23 मिमी, शहर में 19 मिमी और अलवर के कोटकासिम में 19 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है।

कल कैसा रहा पारा

सोमवार को राज्य के कुछ हिस्सों में गरज के साथ बारिश दर्ज की गई। तापमान की बात करें तो श्रीगंगानगर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 39.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहा। राज्य के अधिकतर हिस्सों में हवा में नमी का स्तर 60 से 100 प्रतिशत के बीच बना रहा, जिससे उमस महसूस की गई। राज्य के कई शहरों में अधिकतम तापमान 31 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।

कैसा रहेगा मौसम

कोटा और उदयपुर संभागों में आज मंगलवार से 10 जुलाई के दौरान कहीं-कहीं भारी से अति भारी बारिश हो सकती है। वहीं, बुधवार को कोटा संभाग के एक-दो स्थानों पर अतिभारी बारिश की आशंका जताई गई है। दूसरी ओर, पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर संभाग में बारिश कम होगी, जबकि बीकानेर संभाग में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है।

जारी हुए अलर्ट

जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र केअनुसार पश्चिम बंगाल के ऊपर बने लो-प्रेशर सिस्टम का प्रभाव राजस्थान पर भी पड़ रहा है। यह सिस्टम धीरे-धीरे पश्चिम और उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है और वर्तमान में मानसून ट्रफ लाइन श्रीगंगानगर से होकर गुजर रही है। इसका असर पूर्वी राजस्थान में अगले 4 से 5 दिनों तक देखने को मिलेगा, जहां भरतपुर, जयपुर और कोटा संभाग के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने राज्य के छह जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 24 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। प्रशासन को सतर्क रहने और नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील की गई है, ताकि भारी बारिश के दौरान किसी भी आपदा की स्थिति से निपटा जा सके।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article