शहर

छत्तीसगढ़ शराब घोटाला: ED ने चैतन्य बघेल के खिलाफ की कार्रवाई, 26.43 करोड़ रुपये के 'विठ्ठल ग्रीन' प्रोजेक्ट को कब्जे में लिया

चैतन्य बघेल को ED ने जुलाई 2025 में गिरफ्तार किया था। उनके खिलाफ रायपुर की विशेष PMLA अदालत में चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। इससे पहले नवंबर 2025 में ED ने उनकी संपत्तियों को अस्थायी रूप से अटैच किया था। इनमें विठ्ठल ग्रीन प्रोजेक्ट और दुर्ग जिले की कृषि भूमि भी शामिल थी।

Image

ED ने चैतन्य बघेल के खिलाफ की कार्रवाई (फोटो- ANI)

छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय ने 14 नवंबर को दुर्ग जिले के जांजगीर गांव में स्थित रियल एस्टेट प्रोजेक्ट 'विठ्ठल ग्रीन' को अपने कब्जे में ले लिया है। इस प्रोजेक्ट की कुल कीमत 26.43 करोड़ रुपये आंकी गई है। इसमें 9.49 करोड़ रुपये जमीन की कीमत और 16.95 करोड़ रुपये विकास कार्यों की लागत शामिल है।

इस प्रोजेक्ट को चैतन्य बघेल की प्रोपराइटरशिप वाली कंपनी मेसर्स बघेल डेवलपर्स ने तैयार किया था। चैतन्य बघेल छत्तीसगढ़ शराब घोटाला मामले में आरोपी हैं। ED ने PMLA की धारा 8(4) के तहत इस प्रोजेक्ट पर फिजिकल रूप से कब्जा लिया है। कार्रवाई के दौरान ED अधिकारियों ने प्रोजेक्ट की साइट पर बोर्ड लगाया और कब्जे से जुड़ा नोटिस भी चस्पा कर दिया। इस प्रोजेक्ट में कुल 354 रिहायशी प्लॉट और एक कमर्शियल प्लॉट शामिल हैं।

ED की जांच EOW/ACB रायपुर में दर्ज FIR के आधार पर शुरू हुई थी। जांच में सामने आया कि साल 2019 से 2022 के बीच छत्तीसगढ़ के आबकारी विभाग और छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कॉरपोरेशन लिमिटेड (CSMCL) के जरिए एक शराब सिंडिकेट चलाया जा रहा था। ED के मुताबिक, इस सिंडिकेट ने शराब की खरीद पर अवैध कमीशन, सरकारी शराब दुकानों के जरिए बिना हिसाब-किताब वाली शराब की बिक्री और डिस्टिलर्स से कमीशन लेकर 2,883 करोड़ रुपये से ज्यादा की अवैध कमाई की थी।

ED की जांच में आरोप है कि इस पूरे सिंडिकेट में चैतन्य बघेल सबसे ऊपर था और अवैध तरीके से जुटाए गए पैसों का हिसाब-किताब भी वही रखता था। जांच एजेंसी के मुताबिक, उसे इस घोटाले से मिले पैसों का हिस्सा मिला था। इस रकम को उसने रियल एस्टेट प्रोजेक्ट 'विठ्ठल ग्रीन' में लगाया। इसमें जमीन खरीदने से लेकर प्रोजेक्ट को विकसित करने तक अवैध कमाई का इस्तेमाल किया गया और बाद में इन संपत्तियों को बेदाग पैसे से बनाई गई संपत्ति के तौर पर दिखाने की कोशिश की गई।

ED के मुताबिक, इस प्रोजेक्ट में कुल 18.90 करोड़ रुपये की अपराध से कमाई गई रकम लगाई गई थी। इसमें 10 करोड़ रुपये नकद और 8.90 करोड़ रुपये अलग-अलग फर्मों के जरिए बैंक एंट्री के रूप में लगाए गए थे। इन बैंक एंट्री के पीछे भी नकद रकम होने की बात जांच में सामने आई है।

चैतन्य बघेल को ED ने जुलाई 2025 में गिरफ्तार किया था। उनके खिलाफ रायपुर की विशेष PMLA अदालत में चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। इससे पहले नवंबर 2025 में ED ने उनकी संपत्तियों को अस्थायी रूप से अटैच किया था। इनमें विठ्ठल ग्रीन प्रोजेक्ट और दुर्ग जिले की कृषि भूमि भी शामिल थी। मार्च 2026 में PMLA के एडजुडिकेटिंग अथॉरिटी ने इस अटैचमेंट को भी मंजूरी दे दी थी।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article