Kota Bus Fire: राजस्थान में कोटा-बूंदी रोड पर रविवार को बड़ा हादसा टल गया। जहां चलती हुई एक रोडवेज बस में अचानक आग लग गई। बस चालक ने तुरंत बस रोक दी और सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार दिया। देखते ही देखते आग तेजी से फैल गई। मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने आग पर काबू पाया। लेकिन बस पूरी तरह से जलकर राख हो गई। गनीमत की बात है कि इस दौरान सभी यात्री सुरक्षित हैं।
जयपुर से कोटा आ रही थी बस
यह रोडवेज बस जयपुर से कोटा आ रही थी। इसी दौरान कोटा-बूंदी रोड पर मां टाउनशिप के पास अचानक बस के इंजन से धुआं निकलने लगा। बस ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत गाड़ी सड़क किनारे रोक दी। जिससे सभी यात्री समय पर बाहर निकल सके और एक बड़ा हादसा टल गया। इस दौरान आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया और पूरी बस उसकी चपेट में आ गई। ड्राइवर और कंडक्टर ने फायर सिलेंडर से आग पर काबू पाने कोशिश की, लेकिन लपटें लगातार बढ़ती रहीं।
कोटा-बूंदी हाईवे पर आवाजाही हुई प्रभावित
आग की सूचना मिलते ही नगर निगम अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग लगने के दौरान कोटा-बूंदी नेशनल हाईवे पर वाहनों की आवाजाही बंद रही। इस हादसे में पूरी बस आग में जल गई है। हालांकि अभी तक आग लगने की वजह सामने नहीं आई है।
