जयपुर

Jhunjhunu: सिरफिरे ने 25 कुत्तों को मारी गोली, लाशों से पटे रास्ते; आरोपी की तलाश जारी

झुंझुनू के कुमावास गांव में एक व्यक्ति ने 25 से अधिक कुत्तों की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना का वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। गांववालों में घटना को लेकर आक्रोश है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज किए गए हैं।

Image

बाइक से किया कुत्तों का पीछा

Photo : Times Now Digital

Jhunjhunu News: झुंझुनू जिले के नवलगढ़ क्षेत्र में बसे कुमावास गांव से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक बंदूकधारी ने 25 से अधिक बेजुबान कुत्तों की बेरहमी से हत्या कर दी। 2 और 3 अगस्त को हुई इस निर्मम वारदात का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और जांच शुरू की।

वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति बंदूक लेकर खुलेआम कुत्तों पर फायरिंग कर रहा है। फायरिंग के बाद गांव की गलियों और खेतों में खून से लथपथ कुत्तों के शव बिखरे पड़े नजर आए। वीडियो के सामने आते ही पूरे क्षेत्र में आक्रोश की लहर दौड़ गई। पशु प्रेमियों और ग्रामीणों ने इस नृशंस कृत्य की कड़ी निंदा की है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय ने बताया कि वायरल वीडियो में कुमावास गांव में एक व्यक्ति को कुत्तों पर गोली चलाते देखा गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए 4 अगस्त को वीडियो वायरल होने के तुरंत बाद हेड कांस्टेबल शुभकरण को जांच के लिए गांव भेजा गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने बंदूक से कुत्तों को निशाना बनाकर बेरहमी से मार डाला। आरोपी की पहचान श्योचंद बावरिया पुत्र सुरजाराम बावरिया निवासी डुमरा के रूप में हुई है। उस पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित भारतीय दंड संहिता की कई धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी और पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

झुंझुनूं पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। साथ ही इस मामले को लेकर स्थानीय लोगों से भी जानकारी इकट्ठा की जा रही है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article