Hardoi Wild Boar News: रिहायशी इलाकों में जंगली जानवरों का घुस आना और आतंक मचाने की घटनाएं तो सुनने में आती रहती हैं लेकिन ये घटनाएं आमतौर पर तेंदुए या बाघ जैसे जानवरों की होती हैं। उत्तर प्रदेश में कुछ समय पहले भेड़ियों के आतंक की खबरें भी आईं लेकिन इस बार एक जंगली सुअर ने आतंक मचा दिया। हरदोई जिले के हरपालपुर थाना क्षेत्र के पलिया जुगापुरवा गांव में एक जंगली सुअर गांव में घुस आया और ग्रामीणों पर हमला कर दिया। गांव के आठ लोग इस हमले में घायल हो गए हैं। जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
8 लोगों पर किया हमला
हुआ कुछ यूं कि जंगली सुअर एक ग्रामीण के मकान में घुस गया। मकान के लोग कमरे में बंद हो गए और तुरंत वन विभाग को सूचना दी गई। लेकिन गांव वालों की शिकायत रही कि वन विभाग की टीम देर से पहुंची, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। बाद में प्रशासनिक अधिकारियों को भी सूचित किया गया, लेकिन तब भी कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। तबतक सुअर 8 लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर चुका था।
ग्रामीणों ने ही पकड़ा सुअर
वन विभाग और प्रशासन से आक्रोशित ग्रामीणों ने जंगली सुअर को घेर कर पकड़ने की कड़ी मशक्कत की और आखिरकार उसे काबू में कर लिया, जिससे गांव में राहत की सांस मिली। पकड़े जाने के दौरान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
घायलों का इलाज जारी
घायलों को तत्काल स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक तीन ग्रामीणों जिनकी पहचान जयरानी, खुशीराम और ब्रजकिशोर के तौर पर हुई है, इनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, प्रशासन और वन विभाग की टीम अब पूरे मामले की जांच कर रही है।
