Indore Rain: इंदौर में मानसून की पहली तेज बारिश आफत बनकर आई है। बता दें कि शहर में तेज बहाव वाले नालों में बहने की दो अलग-अलग घटनाओं ने पूरे शहर में हड़कंप मचा दिया। इस दौरान एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे युवक की तलाश के लिए पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। ऐसे में पुलिस ने लोगों से बारिश के दौरान उफनते नालों और जलभराव वाले रास्तों से दूर रहने की अपील की है।
बाइक समेत बहा युवक
जानकारी के मुताबिक पहला मामला द्वारकापुरी थाना क्षेत्र का है, जहां 36 वर्षीय महेश अपने दोस्त के साथ बाइक से जा रहा था। बताया जा रहा है कि दोनों ने उफनते नाले को पार करने की कोशिश की। महेश का साथी तो सुरक्षित निकल गया, लेकिन महेश तेज बहाव में बाइक समेत बह गया। सूचना मिलते ही द्वारकापुरी पुलिस, स्थानीय प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू की।
इसे भी टाइम्स नाउ नवभारत पर पढ़ें- जूनागढ़ हादसा: सड़क पर खुले गटर में गिरा दंपति, दिल दहला देने वाला वीडियो हुआ वायरल
28 वर्षीय युवक की हुई मौत
वहीं दूसरा मामला लसूड़िया थाना क्षेत्र के लसूड़िया मोरी इलाके का है। यहां 28 वर्षीय युवक एसएस कॉलोनी के पीछे स्थित गहरे नाले के किनारे खड़ा था। लगातार बारिश के कारण नाले के आसपास फिसलन हो गई और युवक अचानक संतुलन खोकर तेज बहाव में गिर गया। इसके बाद कुछ दूरी पर उसका शव बरामद किया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बारिश के दौरान तेज बहाव वाले नालों और जलभराव वाले रास्तों से गुजरना बेहद खतरनाक है। ऐसे में लोगों से अपील की गई है कि अपनी और परिवार की सुरक्षा को देखते हुए ऐसे स्थानों से दूर रहें।
