Kanpur Apartment Fire: कानपुर के फीलखाना थाना क्षेत्र से एक भीषण अग्निकांड की घटना सामने आई है। रामनारायण बाजार स्थित राधिका अपार्टमेंट में सोमवार सुबह अचानक भयंकर आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना ने सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
आग लगने से अपार्टमेंट में भरा धुआं
जानकारी के अनुसार, अपार्टमेंट में सुबह करीब 4 बजे आग लगी थी। अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों के मुताबिक, वे रात में सो रहे थे, तभी अचानक कमरों और बिल्डिंग में धुआं भरने लगा। जब लोगों ने नीचे आकर देखा तो पूरी बिल्डिंग में भीषण आग लगी हुई थी। इसके बाद वहां अफरा-तफरी मच गई।
फायर ब्रिगेड और 112 पर कॉल नहीं उठने का आरोप
स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि आग लगने के बाद उन्होंने फायर ब्रिगेड और इमरजेंसी नंबर 112 पर कई बार फोन किया, लेकिन शुरुआत में किसी ने कॉल नहीं उठाया। लोगों के मुताबिक, बाद में पुलिस के हस्तक्षेप के बाद इलाके की बिजली बंद कराई गई। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया।
एक महिला और किशोर की मौत
इस हादसे में दो लोगों की मौत हुई है। प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, हादसे के दौरान सिर में चोट लगने से एक महिला की मौत होने की आशंका है। वहीं, करीब 14-15 साल के एक किशोर की भी जान चली गई। इसके अलावा दो लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक, पांच खंडों वाले राधिका अपार्टमेंट में करीब 30 से 40 लोग रहते हैं। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया है।
