Junagadh Open Gutter Accident: गुजरात के जूनागढ़ शहर से एक बेहद परेशान करने वाला मामला सामने आया है, जिसने नगर निगम की प्री-मानसून तैयारियों के बड़े-बड़े दावों की पोल खोलकर रख दी है। शहर के व्यस्त आजाद चौक इलाके में सुबह-सुबह एक दंपति सड़क पर खुले पड़े गटर के खड्डे का शिकार हो गया।
दोनों सुबह तड़के अपने काम पर जा रहे थे, तभी ध्यान न जाने की वजह से वे सीधे गहरे गटर में समा गए। यह पूरी दर्दनाक घटना पास में लगे एक CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसका फुटेज अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल (Viral Video) हो रहा है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: गुजरात में आफत की बारिश, पांच वेदर सिस्टम एक्टिव, अमरेली में बाढ़ से बहीं बकरियां, चरवाहे का रेस्क्यू
पत्नी के शोर मचाने पर दौड़े लोग
गटर में गिरने के बाद अचानक मची चीख-पुकार से इलाके में हड़कंप मच गया। पत्नी ने हिम्मत दिखाते हुए गिरने के बाद से ही मदद के लिए शोर मचाना शुरू किया। सुबह का वक्त होने के बावजूद आवाज सुनकर आसपास के स्थानीय लोग और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे। लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए दंपति को उठाया।
इस हादसे में पत्नी को तो मामूली खरोंचें आई हैं, लेकिन पति बदकिस्मत रहा। उसके सिर में गंभीर चोटें आई हैं और काफी खून बह जाने के कारण उसे तुरंत स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस और प्रशासन ने सुबह घायल पति का बयान दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।
अक्सर होते हैं हादसे
जूनागढ़ के नागरिकों का कहना है कि शहर में खुले गटर और जानलेवा गड्ढों की वजह से होने वाला यह कोई पहला हादसा नहीं है। इससे पहले भी कई लोग इन अदृश्य मौत के कुओं का शिकार बन चुके हैं। मानसून की दस्तक से पहले नगर निगम बड़े-बड़े वादे करता है, लेकिन धरातल पर सच्चाई आजाद चौक जैसी घटनाओं के रूप में सामने आती है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से बेहद गुस्से में मांग की है कि शहर के सभी खुले गटरों को तत्काल प्रभाव से बंद या सुरक्षित किया जाए।
