शहर

Mumbai: सड़क पर भरा था पानी, दिखाई नहीं दिया खुला मैनहोल; जलभराव के बीच भीतर समाया शख्स, हुई मौत

Mumbai News: मुंबई के चांदीवली में भारी बारिश के बीच एक शख्स की खुले 20 फीट गहरे मैनहोल में गिरने से मौत हो गई। खैरानी रोड पर हुए इस हादसे के बाद फायर ब्रिगेड और डिजास्टर मैनेजमेंट की टीमें सर्च ऑपरेशन में जुटी थी।

Image

मैनहोल में गिरने से शख्स की मौत

Mumbai: मुंबई में जारी मूसलाधार बारिश आफत का सबब बनती जा रही है। मुंबई के चांदीवली इलाके से एक बेहद स्तब्ध करने वाली और दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां भारी बारिश के बीच सड़क पर पानी भरा होने के कारण एक शख्स की खुले 20 फीट गहरे मैनहोल में गिरने से मौत हो गई। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए आपातकालीन सेवाएं तुरंत मौके पर पहुंची और युद्ध स्तर पर बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया।

खैरानी रोड पर हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों और अधिकारियों के मुताबिक, यह खौफनाक हादसा दोपहर 12:30 बजे चांदीवली के खैरानी रोड पर स्थित मशहूर एस. जे. स्टूडियो के ठीक सामने हुआ। मुंबई में पिछले कुछ घंटों से हो रही मूसलाधार बारिश के चलते पूरी सड़क पर पानी भर गया था। जलभराव के कारण सड़क पर मौजूद खुला मैनहोल पूरी तरह से छिप गया और राहगीर को दिखाई नहीं दिया। इसी लापरवाही और बदइंतजामी का शिकार होकर वह व्यक्ति सीधे मैनहोल के गहरे ड्रेनेज सिस्टम में समा गया। हादसे की जानकारी मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड और सिविक डिजास्टर मैनेजमेंट की टीमों ने संयुक्त रूप से एक तेज बचाव और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। रेस्क्यू टीमों ने ड्रेनेज नेटवर्क और सीवर लाइनों के भीतर कई घंटों तक सघन तलाशी अभियान चलाया जिसके बाद पता लगा की व्यक्ति की मौत हो गई है।

समंदर में 15 फीट ऊंची लहरें, अगले 48 घंटे भारी

इस हादसे के बीच मुंबई में मौसम की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। समंदर इस समय अपने पूरे उफान पर है और तटों पर करीब 15 फीट ऊंची लहरें उठ रही हैं। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने मुंबई की सभी चौपाटियों को पूरी तरह से खाली करा दिया है और नागरिकों से समंदर के किनारे न जाने की सख्त अपील की है। तेज हवाओं और खराब विजिबिलिटी के बीच मौसम विभाग (IMD) ने अगले 24 से 48 घंटों के लिए मुंबई और आस-पास के इलाकों में अत्यंत भारी बारिश का अनुमान जताया है। प्रशासन ने लोगों को अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी है।

Rakesh Kamal Trivedi
राकेश त्रिवेदीauthor

20 वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ टीवी पत्रकारिता में सक्रिय, वर्तमान में TIMES NOW नवभारत में न्यूज़ एडिटर। क्राइम और इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिज़्म में मजबूत पकड़ के साथ महाराष्ट्र की राजनीति और हाई-इम्पैक्ट राष्ट्रीय खबरों पर गहरी नज़र। डेटा-ड्रिवन रिसर्च, निर्भीक सवाल, ऑन-ग्राउंड एक्सपीरियंस और बेबाक विश्लेषण का संतुलित मिश्रण उनकी शैली की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!