शहर

दिल्ली में छठ का समापन, CM रेखा गुप्ता बोलीं- 'कोई कमी रही हो तो माफ करें, अगले साल और बेहतर होंगे इंतजाम'

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज छठ पूजा के अंतिम दिन ITO घाट पर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। उन्होंने व्यवस्थाओं में कमी रह जाने पर श्रद्धालुओं से माफी मांगते हुए अगले साल बेहतर इंतजाम का भरोसा दिया।

Image

CM रेखा गुप्ता ने ITO घाट पर उगते सूर्य को दिया अर्घ्य

Photo : ANI

Delhi Chhath Puja 2026: दिल्ली में चार दिवसीय लोक आस्था के महापर्व 'छठ' का सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ शांतिपूर्ण समापन हो गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आईटीओ घाट पर पहुंचकर उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और छठी मैया की विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने छठ पर्व के आयोजन में किसी तरह की कमी रह जाने पर श्रद्धालुओं से माफी मांगी। साथ ही भरोसा दिलाया कि अगले साल छठ पूजा के लिए इससे भी बेहतर इंतजाम किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने खास तौर पर पूर्वांचल के लोगों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, "पूर्वांचल के लोगों से मैं कहना चाहूंगी कि हमने छठ महापर्व को भव्य और दिव्य तरीके से मनाने के लिए हरसंभव प्रयास किया। अगर व्यवस्थाओं में कोई कमी रह गई हो तो मुझे माफ करें, हम अगले साल और भी बेहतर इंतजाम करेंगे।"

सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि उन्होंने छठी मैया से सभी लोगों और उनके परिवारों की खुशहाली, समृद्धि और तरक्की की प्रार्थना की है। उन्होंने छठ व्रती महिलाओं की 36 घंटे की निर्जला तपस्या, सूर्य भगवान के प्रति उनकी आस्था और परिवार के लिए उनके समर्पण की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास के रास्ते पर आगे बढ़ने के साथ अपनी विरासत और परंपराओं को भी संभालकर रखना जरूरी है। उन्होंने परंपराओं को बनाए रखने पर जोर दिया।

13 से 16 नवंबर तक मनाया गया छठ महापर्व

इस साल छठ पूजा का आयोजन 13 से 16 नवंबर तक किया गया। चार दिवसीय इस लोक आस्था के महापर्व का समापन सोमवार को उषा अर्घ्य के साथ हुआ। इस दौरान व्रतियों ने उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। इसके बाद पारण के साथ 36 घंटे का निर्जला व्रत पूरा हुआ। दिल्ली सरकार की ओर से राजधानी में 1,400 से अधिक छठ घाटों पर श्रद्धालुओं के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे। सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए भी विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article