Manesar Crime News: हरियाणा के साइबर सिटी गुरुग्राम के मानेसर इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक पति ने अपनी 38 वर्षीय प्रेमिका के प्यार में अंधा होकर अपनी ही 22 साल की पत्नी की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी नेपाल फरार हो गए थे। हालांकि, गुरुग्राम पुलिस की क्राइम ब्रांच ने दोनों को भारत लौटते ही गिरफ्तार कर लिया है।
फरवरी में हुई थी शादी, मई में खूनी अंत
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी अंकित की शादी फरवरी 2026 में ही 22 वर्षीय युवती के साथ हुई थी। शादी के बाद सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन अंकित का पिछले 3 साल से रजनी देवी (38 वर्ष) नाम की महिला के साथ गंभीर प्रेम-प्रसंग चल रहा था। अंकित ने अपनी पत्नी को रास्ते से हटाने की एक खौफनाक साजिश रच डाली।
रजनी के कमरे पर ले जाकर मारी गोली
अंकित इस हत्याकांड की तैयारी पिछले दो महीने से कर रहा था। इसके लिए वह एक अवैध हथियार भी खरीदकर लाया था। 21 मई को अंकित अपनी पत्नी को बहला-फुसलाकर और किसी काम का बहाना बनाकर रजनी के किराए के कमरे पर ले गया। वहां मौका पाते ही अंकित और रजनी ने मिलकर युवती की गोली मारकर हत्या कर दी। अगले दिन 22 मई को पुलिस को मानेसर के एक बंद कमरे से विवाहिता का शव बरामद हुआ।
हरिद्वार के रास्ते नेपाल भागे, लौटते ही दबोचे गए
वारदात को अंजाम देने के बाद कानून के शिकंजे से बचने के लिए अंकित और रजनी तुरंत भाग निकले। वे हरिद्वार होते हुए अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर सीधे नेपाल चले गए और वहां छिपकर रहने लगे। पुलिस उनकी लगातार तलाश कर रही थी और उनके हर मूवमेंट पर नजर रखे हुए थी। करीब एक महीने तक नेपाल में पनाह लेने के बाद, जैसे ही 30 जून को दोनों आरोपी वापस भारत लौटे, क्राइम ब्रांच ने दोनों को मानेसर से ही धर दबोचा।
मामले की जानकारी देते हुए गुरुग्राम पुलिस के एसीपी (क्राइम) नवीन शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मुख्य आरोपी पति अंकित और उसकी प्रेमिका रजनी को अदालत में पेश कर 5 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया है।
