शहर

Haryana News: ईंधन बचत के लिए सरकार का बड़ा फैसला - विदेश यात्रा, रैली-रोडशो पर रोक, मीटिंग वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से

ऊर्जा और ईंधन बचत को बढ़ावा देने के लिए हरियाणा सरकार ने विदेशी यात्राओं पर रोक लगा दी है। इसके साथ ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग को बढ़ावा और सरकारी खर्चों में कटौती सहित कई बड़े और अहम फैसले लागू किए हैं।

Image

हरियाणा में ऊर्जा बचाने के नियम लागू

Photo : PTI

Haryana News:ईंधन और ऊर्जा संरक्षण को लेकर हरियाणा सरकार ने कई अहम फैसले लिए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद राज्य सरकार ने सरकारी खर्चों में कटौती, ईंधन की खपत कम करने और ऊर्जा दक्षता बढ़ाने के लिए नई एडवाइजरी जारी की है। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी द्वारा जारी निर्देश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं और ये सितंबर 2026 तक प्रभावी रहेंगे।

सरकार के आदेशों के अनुसार सितंबर 2026 तक सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों की सभी प्रकार की विदेशी यात्राओं पर रोक लगा दी गई है। अगर किसी विशेष परिस्थिति में विदेश यात्रा जरूरी हो, तो उसके लिए सक्षम स्तर से विशेष अनुमति हासिल करनी होगी।

इलेक्ट्रिक गाड़ियों के इस्तेमाल की सलाह

ऊर्जा बचत को बढ़ावा देने के लिए सभी सरकारी विभागों को निर्देश दिया गया है कि कम से कम 50 प्रतिशत मीटिंगें वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की जाएं। इससे यात्रा खर्च और ईंधन की खपत में कमी आएगी। साथ ही विभागों को इलेक्ट्रिक वाहनों के अधिकतम उपयोग को प्रोत्साहित करने और सरकारी वाहनों के उपयोग में कटौती करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

AC का टेम्प्रेचर 24-26 रखा जाएगा

सरकार ने सभी विभागों को हर महीने प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने के लिए कहा है, जिसमें यह सुनिश्चित किया जाएगा कि वाहन उपयोग में कम से कम 10 प्रतिशत की कमी लाई गई है। इसके अलावा सरकारी दफ्तरों में एयर कंडीशनर (एसी) का तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रखने के निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि बिजली की खपत को नियंत्रित किया जा सके।

रैली, रोड शो और जुलूस पर रोक

राज्य सरकार ने सरकारी समारोहों, उत्सवों, सेमिनारों और मनोरंजन संबंधी कार्यक्रमों पर होने वाले खर्च को भी सीमित करने का फैसला लिया है। इसके साथ ही जिला प्रशासन और पुलिस विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि सितंबर 2026 तक किसी भी प्रकार की रैली, रोड शो, गाड़ियों का जुलूस या बड़े सार्वजनिक आयोजनों की अनुमति न दी जाए।

सरकार का मानना है कि इन कदमों से न सिर्फ ईंधन और ऊर्जा की बचत होगी, बल्कि सरकारी संसाधनों का अधिक प्रभावी उपयोग भी सुनिश्चित किया जा सकेगा। हरियाणा सरकार के ये फैसले ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अहम पहल माने जा रहे हैं।

Manoj Kumar
मनोज कुमार author

मनोज कुमार को टीवी पत्रकारिता में काम करने का 20 साल का अनुभव है. वर्तमान में वह Times Now नवभारत में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. 2022 से चंडीगढ़ ब्यूरो हेड के तौर पर चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को कवर कर रहे हैं. उन्होंने पंजाब बाढ़ त्रासदी, ऑपरेशन सिंदूर जैसी बड़ी घटनाओं को ग्राउंड जीरो से कवर किया है. हिमाचल प्रदेश में संजौली मस्जिद कवरेज के लिए उन्हें ENBA अवॉर्ड मिल चुका है.

और पढ़ें
End of Article