गुरुग्राम

Gurugram: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर दौड़ा रहे प्रतिबंधित वाहन तो हो जाएं सावधान, अब कटेगा चालान

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 21, 2023, 07:07 PM IST

Gurugram: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर अगर आप बाइक, ऑटो, और ट्रैक्टर-ट्राली जैसे प्रतिबंधित वाहन लेकर जा रहे हैं तो सावधान हो जाएं। आज से गुरुग्राम पुलिस की टीमें एक्‍सप्रेसवे के एंट्री प्‍वाइंट पर तैनात हो गई हैं। पुलिस ने आज से ऐसे वाहनों का चालान काटने से लेकर वाहनों को जब्‍त करने तक की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Image

दिल्‍ली-मुंबई एक्‍सप्रेसवे

KEY HIGHLIGHTS
  • एक्‍सप्रेसवे पर बाइक, ऑटो, और ट्रैक्टर-ट्राली जैसे वाहन प्रतिबंधित
  • एक्‍सप्रेसवे के एंट्री प्‍वाइंट पर आज से तैनात हुई पुलिस की टीमें
  • पांच हजार का चालान कटने के साथ वाहन जब्‍त होने तक की कार्रवाई


Gurugram: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे को बीते 15 फरवरी को वाहनों के आवाजाही के लिए खोल दिया गया है। जिसके बाद से ही इस एक्‍सप्रेसवे पर वाहन तेज रफ्तार में फर्राटा भर रहे हैं। इन वाहनों के साथ इस एक्‍सप्रेसवे पर ऐसे वाहन भी दौड़ते नजर आ रहे हैं जो यहां प्रतिबंधित हैं। एनएचएआई ने एक्‍सप्रेसवे पर बाइक, ऑटो, और ट्रैक्टर-ट्राली जैसे वाहनों को पूरी तरह से प्रतिबंधित कर रखा है। इसके साथ ही अलीपुर के पास एक्‍सप्रेसवे के एंट्री प्‍वाइंट पर इस प्रतिबंध से संबंधित संकेतक भी लगाए गए हैं, लेकिन इसके बाद भी इस पर ये प्रतिबंधित वाहन दौड़ते नजर आ रहे हैं। इन वाहनों को एक्‍सप्रेसवे पर आने से रोकने के लिए गुरुग्राम पुलिस ने आज से सख्‍त अभियान शुरू किया है। अगर आप भी इस एक्‍सप्रेसवे पर प्रतिबंधित वाहन लेकर जाने की सोच रहे हैं तो सावधान हो जाएं। इस तफरी के बदले आपको हजारों रुपये का चालान भरना पड़ सकता है।

बता दें कि इस एक्‍सप्रेसवे को वाहनों के आवगमन के लिए खोलने से पहले 13 फरवरी को एक बाइक की टक्कर से एनएचएआई के एक कर्मचारी और बाइक सवार की मौत हो गई थी। एक युवक के साथ-साथ बाइक चालक की भी मौत हुई थी। इसके अलावा अगले ही दिन लोहटकी गांव के पास एक महेंद्रा पिकअप और ट्रैक्टर ट्राली में टक्कर हो गई थी, जिसमें पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हालांकि एक्‍सप्रेसवे शुरू होने के बाद एनएचएआई ने इन वाहनों को एक्‍सप्रेसवे पर प्रतिबंधित कर दिया, लेकिन इसके बाद भी ये वाहन एक्‍सप्रेसवे पर दौड़ते नजर आ रहे हैं।

पांच हजार के चालान से लेकर वाहन जब्‍त होने तक की कार्रवाई

एनएसएआई (सोहना) के परियोजना अधिकारी मुदित गर्ग ने बताया कि, प्रतिबंधित वाहनों को रोकने और जागरूक करने के लिए सभी एंट्री-एग्जिट प्‍वाइंट पर ट्रैफिक मार्शल तैनात किए गए थे, लेकिन इसके बाद भी कुछ लोग नियम को नहीं मान रहे थे। जिसकी वजह से अब प्रतिबंधित वाहनों का पांच हजार रुपये का चालान काटा जा रहा है। ये चालान एक्‍सप्रेसवे पर ऑनलाइन कट रहा है। इसके अलावा वाहनों को एक्‍सप्रेसवे पर आने से रोकने और कार्रवाई के लिए गुरुग्राम पुलिस से भी सहयोग मांगा गया है। सोहना सदर थाना प्रभारी जय सिंह ने बताया कि, आज से एक्सप्रेस- वे पर टीमों को तैनात कर दिया गया है। एक्‍सप्रेसवे पर आने वाले प्रतिबंधित वाहनों का चालान काटने के अलावा वाहनों को जब्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article