शहर

Gujarat News: कागजों पर ही बन गई 2.55 लाख लीटर की टंकी, पास कर दिया 50 लाख का बिल; 2 इंजीनियर बर्खास्त

Gujarat Palitana News: गुजरात के पालिताणा सरकारी अस्पताल में बिना पानी की टंकी बनाए 50.43 लाख का बिल मंजूरी के लिए भेजने का मामला सामने आया है। स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल पंशेरिया की जांच में फर्जीवाड़ा पकड़े जाने के बाद 2 इंजीनियरों को हटा दिया गया है और कंपनी पर FIR व ब्लैकलिस्ट की कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

Image

स्वास्थ्य मंत्री की सरप्राइज विजिट में खुला घोटाला

Photo : Times Now Digital

Gujarat Palitana News: गुजरात के पालिताणा स्थित सरकारी अस्पताल में भ्रष्टाचार और लापरवाही का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। अस्पताल में 2.55 लाख लीटर क्षमता की भूमिगत पानी की टंकी बनाए बिना ही 50.43 लाख रुपये का बिल मंजूरी के लिए गांधीनगर भेज दिया गया। मामले का खुलासा तब हुआ जब स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल पंशेरिया ने अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। मौके पर टंकी न मिलने के बाद शुरू हुई जांच के आधार पर दो वरिष्ठ इंजीनियरों को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया गया है, जबकि निर्माण कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने और पुलिस केस दर्ज कराने के निर्देश जारी किए गए हैं।

स्वास्थ्य मंत्री के औचक निरीक्षण में खुला फर्जीवाड़ा

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, पालिताणा अस्पताल में 2,55,000 लीटर क्षमता की अंडरग्राउंड पानी की टंकी बनाने का वर्क ऑर्डर सूरत की 'धर्मनंदन कंस्ट्रक्शन' कंपनी को दिया गया था। कंपनी ने फर्जी दस्तावेज और तस्वीरें पेश कर काम पूरा होने का दावा किया था। हैरानी की बात यह रही कि प्रोजेक्ट्स इंप्लीमेंटेशन यूनिट (PIU) के इंजीनियरों ने बिना मौके की जांच किए कागजों पर ही हस्ताक्षर कर 50.43 लाख रुपये का बिल गांधीनगर मुख्यालय में मंजूरी के लिए भेज दिया। जब स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल का निरीक्षण किया तो वहां न तो कोई टंकी मिली और न ही अस्पताल प्रशासन और डॉक्टरों को इसके निर्माण की कोई जानकारी थी।

दो इंजीनियर तत्काल प्रभाव से बर्खास्त

विभागीय जांच में गड़बड़ी और फर्जीवाड़े की पुष्टि होने के बाद 18 अगस्त 2026 को सख्त कार्रवाई के आदेश जारी किए गए। PIU भावनगर ग्रामीण कार्यालय में संविदा पर तैनात नायब एक्सिक्यूटिव इंजीनियर (सिविल) मेहुल एस. दवे को तत्काल प्रभाव से सेवा से मुक्त कर दिया गया और PIU सुरेंद्रनगर में तैनात नायब एक्सिक्यूटिव इंजीनियर (सिविल) एन.वी. कालिया को भी ड्यूटी से हटाकर मूल आउटसोर्सिंग एजेंसी को वापस भेज दिया गया है।

कंपनी होगी ब्लैकलिस्ट, दर्ज होगी FIR

स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल पंशेरिया ने स्पष्ट किया कि निर्माण कंपनी धर्मनंदन कंस्ट्रक्शन, मेहुल दवे और एन.वी. कालिया के खिलाफ पुलिस में FIR दर्ज कराई जाएगी। साथ ही फर्जी बिल पेश करने वाली कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं और बुनियादी ढांचे के लिए आवंटित सार्वजनिक धन में किसी भी तरह की लापरवाही या भ्रष्टाचार को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राज्य के अस्पतालों, PHC और CHC में चल रहे निर्माण कार्यों की निगरानी बढ़ा दी गई है और आगे भी ऐसे औचक निरीक्षण जारी रहेंगे।

Dhruv Sanchania
ध्रुव संचानियाauthor

ध्रुव संचानिया गुजरात में टाइम्स नेटवर्क के सीनियर जर्नलिस्ट और ब्यूरो चीफ के पद पर कार्यरत हैं। ध्रुव ने प्रिंट, रेडियो, डिजिटल और टीवी पर शानदार काम किया है। क्राइम, इन्वेस्टिगेशन से लेकर इंसानी कहानियों तक में उनका काम गहराई से भरा होता है। जब वह हेडलाइन के पीछे नहीं भाग रहे होते तो वह सड़कों, सिनेमा और अगली छिपी हुई कहानी के पीछे भाग रहे होते हैं। उनका काम ऐसा है जो उन्हें अलग ला खड़ा करता है।

और पढ़ें
End of Article