Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में कल यानी रविवार रात सड़क पर खड़ी गाड़ी को निकालने को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर विवाद हुआ। यह विवाद इतना बढ़ गया कि मौके पर पहुंचे एक दरोगा के साथ कुछ युवकों ने कथित तौर पर धक्का-मुक्की और अभद्रता की। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला बिसरख थाना क्षेत्र में एक-मूर्ति गोलचक्कर के पास बने यूफेरिया मॉल के पास का बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, पार्किंग से गाड़ी निकालने को लेकर दो कार सवार पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई। कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और वहां हंगामा शुरू हो गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को चौकी लेकर आ गई।
वायरल वीडियो में क्या दिख रहा है?
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक युवक दरोगा से कथित तौर पर बहस करता और धक्का-मुक्की करता दिखाई दे रहा है। वीडियो में युवक दरोगा से यह कहते हुए भी नजर आ रहा है कि वह उसके पैरों पर गिरकर माफी मांगेगा। वहीं, मौके पर मौजूद एक महिला को लेकर भी अभद्रता और थप्पड़ मारने के आरोप सामने आए हैं।
हालांकि, पुलिस ने महिला से अभद्रता और थप्पड़ मारने के आरोपों को बेबुनियाद बताया है। पुलिस के मुताबिक, विवाद के बाद दोनों पक्षों को चौकी लाया गया था।
पुलिस का क्या है कहना?
पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से समझौता कर लिया और किसी ने भी लिखित शिकायत नहीं दी। जिस पुलिसकर्मी के साथ धक्का-मुक्की की बात सामने आई है, वह जिले से बाहर तैनात दरोगा है और अपनी पत्नी को अस्पताल में देखने के लिए ग्रेटर नोएडा वेस्ट आया था।
फिलहाल मामले में किसी तरह की लिखित शिकायत दर्ज नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि अगर किसी पक्ष की ओर से शिकायत मिलती है तो मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस बीच घटना का Video Viral हो रहा है।
