शहर

Supertech Eco Village 2: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सोसाइटी लिफ्ट में गार्ड के साथ मारपीट, अब खाली कराया जा रहा फ्लैट

Greater Noida West News: नोएडा एक्सटेंशन की सुपरटेक ईको विलेज-2 सोसाइटी में फ्लैट किराए पर लेकर रह रहे एक व्यक्ति ने गार्ड के साथ जमकर मारपीट की। इस घटना का CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की तमाम सोसाइटी में कभी निवासियों और मेनटेनेंस विभाग और कभी निवासियों और सिक्योरिटी गार्ड्स के बीच हाथापाई की खबरें आती रहती हैं। ताजा मामला नोएडा एक्सटेंशन में बिसरख पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आने वाले सुपरटेक ईको विलेज-2 (Supertech Eco Village 2) सोसाइटी से सामने आया है। यहां छोटी सी बात पर सोसाइटी में किराए पर रहने वाले एक व्यक्ति ने सिक्योरिटी गार्ड के साथ मारपीट की। मारपीट की यह घटना सोसाइटी की लिफ्ट के अंदर हुई और वहां लगे CCTV कैमरे में पूरी घटना कैद हो गई। अब वह CCTV Footage सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।

CCTV Footage में क्या दिखा

मामला सुपरटेक ईको विलेज-2 सोसाइटी के B9 टावर का बताया जा रहा है। CCTV Footage में देखा जा सकता है कि टावर की लिफ्ट में एक व्यक्ति गार्ड के साथ मारपीट कर रहा है। यह व्यक्ति फोन पर किसी से बात कर रहे गार्ड को अचानक थप्पड़ मार देता है। हालांकि, अचानक हुए हमले के बाद गार्ड की व्यक्ति के साथ जमकर मारपीट हुई। एक महिला बीच बचाव के लिए आती दिखती है, लेकिन वह दोनों को अलग नहीं कर पाती। आखिर में मारपीट करने वाला व्यक्ति लिफ्ट से बाहर निकल जाता है, तब यह मारपीट खत्म होती है।

क्या था मामला?

इस मामले में अधिक जानकारी के लिए हमने सोसाइटी के सिक्योरिटी इंजार्ज आलोक सिंह यादव से बात की। उन्होंने Times Now Navbharat को बताया कि यह घटना 15 सितंबर की रात को हुई। उन्होंने हमें जानकारी दी कि जिस शख्स ने मारपीट की उसका नाम नवीन पासवान है और वह यहां अपने परिवार के साथ किराए पर फ्लैट लेकर रहता है। उन्होंने बताया कि नवीन ने पार्किंग में गाड़ी टेढ़ी लगा दी थी, इस पर पड़ोस में जिनकी पार्किंग है उन्होंने गार्ड से शिकायत की। इस शिकायत के बाद गार्ड नवीन से कहने गए थे कि अपनी गाड़ी सीधे लगा दें, ताकि पड़ोसी भी अपनी कार सही से पार्क कर सकें। इसी दौरान नवीन ने गार्ड पर हमला कर दिया।

FIR के बाद जमानत भी मिली

यह घटना सामने आने के बाद गार्ड और सोसाइटी की तरफ से नवीन पासवान के खिलाफ बिसरख पुलिस थाने में शिकायत दर्ज की गई। पुलिस ने इस मामले में नवीन को गिरफ्तार किया और उसके खिलाफ FIR भी दर्ज की गई। हालांकि, बाद में जमानत देकर नवीन को रिहा कर दिया गया।

खाली करवाया जा रहा फ्लैट

सिक्योरिटी इंजार्ज आलोक सिंह यादव ने बताया कि इस घटना के आरोपी नवीन पासवान के मकान मालिक से बात करके उनसे फ्लैट खाली करवाया जा रहा है। फ्लैट खाली करने के लिए नवीन को 30 सितंबर तक का समय दिया गया है। उनका कहना है कि नवीन पासवान के छोटे बच्चे हैं, इसलिए उन्हें इतना समय दिया गया है, अन्यथा उसी दिन उनसे फ्लैट खाली करवा लिया जाता।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article