शहर

पहाड़ों ने ओढ़ी सफेद चादर, कश्मीर में ठंड ने दी दस्तक; गुरेज में मौसम का पहला Snowfall | देखें VIDEO

Kashmir First Snowfall: कश्मीर की गुरेज घाटी के ऊंचाई वाले इलाकों में आज यानी गुरुवार 17 सितंबर को सीजन की पहली बर्फबारी हुई। यहां काबुल गली बर्फ से ढक गई और इसी के साथ ठंड का आगाज भी हो गया।

दिल्ली-एनसीआर और देश के अन्य हिस्सों में अब भी गर्मी से लोग परेशान हैं। लेकिन कश्मीर में मौसम की पहली बर्फबारी (Snowfall) से पहाड़ी ढलान सफेद हो गए हैं। उत्तर कश्मीर की गुरेज घाटी के ऊंचाई वाले इलाकों में आज यानी गुरुवार 17 सितंबर को मौसम की पहली बर्फबारी दर्ज हो गई।

आज हुई मौसम की पहली बर्फबारी से गुरेज के काबुल गली का पहाड़ी इलाका बर्फ की सफेद चादर से ढक गया है। कश्मीर के मैदानी इलाकों में हुई ताजा बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के चलते घाटी के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। ऊंचे पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी से अभी से ही ठंड का असर दिखने लगा है।

ठंड की शुरुआत के संकेत

बता दें कि कश्मीर के तुलैल में ज्यादा ऊंचाई पर स्थित काबुल गली, कुरेज आदि उन इलाकों में शामिल हैं, जहां मौसम की पहली बर्फबारी लगभग हर साल ही जल्दी होती है। यहां होने वाली ताजा बर्फबारी को क्षेत्र में ठंड की शुरुआत के संकेत के तौर पर देखा जाता है।

बर्फबारी से खूबसूरत हुए नजारे

घाटी में ताजा बर्फबारी से तुलैल घाटी के प्राकृतिक सौंदर्य को गई गुना बढ़ा दिया है। यह इलाका अपने ऊबड-खाबड़ पहाड़ों और खूबसूरत प्राकृतिक परिवेश के लिए पहले से ही मशहूर है। बर्फबारी ने इस खूबसूरती को और कई गुना बढ़ा दिया है।

मैदानी इलाकों में बारिश से गिरा पारा

कश्मीर के ऊंचे पहाड़ी इलाकों में हुई बर्फबारी के साथ ही मैदान इलाकों में ताजा बारिश से यहां भी मौसम सुहावना हो गया है। मौसम में बदलाव के साथ पूरी घाटी में पारा गिर गया है। IMD ने आज यानी गुरुवार 17 सितंबर को तापमान के ताजा आंकड़े साझा किए। ताजा आंकड़ों के अनुसार श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि पहलगाम में 9.4 डिग्री और गुलमर्ग में 5.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।

IMD के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान श्रीनगर में 8.2 एमएम बारिश रिकॉर्ड हुई। वहीं, काजीगुंड में 13.4 एमएम, पहलगाम में 13.0 एमएम, कोकरनाग में 14.4 एमएम और गुलमर्ग में 13.2 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई है।

Suhail Nazeer Bhat
सुहैल नाजिर भट्टauthor

सुहैल साहिल भट्ट को 8 साल का घाटी में रिपोर्टिंग का तजुर्बा है। राजनीति और कश्मीर के हर हलचल पर पैनी नजर।

और पढ़ें
End of Article