शहर

बुधनी के लकड़ी के खिलौने, भोपाल की जरी-जरदोजी, भारत पर्व में दिखी MP की खास पहचान

भारत पर्व 2026 में मध्यप्रदेश ने चंदेरी साड़ियों, बुधनी के लकड़ी के खिलौनों, जरी-जरदोजी और गोंड चित्रकला के जरिए अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित कर सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा।

Image

भारत पर्व 2026 में छाया मध्यप्रदेश का जलवा

गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर में आयोजित ‘भारत पर्व 2026’ में मध्यप्रदेश ने अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विशिष्ट हस्तशिल्प के साथ प्रभावशाली सहभागिता दर्ज कराई। सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के उपलक्ष्य में ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को समर्पित इस आयोजन में मध्यप्रदेश के पवेलियन के माध्यम से प्रदेश के ‘एक जिला-एक उत्पाद’ (ODOP) की विशिष्ट पहचान को राष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित किया जा रहा है।

पवेलियन में सीहोर जिले के बुधनी के प्रसिद्ध लकड़ी के लाख के खिलौने, भोपाल की पारंपरिक जरी-जरदोजी कला, अशोकनगर की विश्वप्रसिद्ध चंदेरी साड़ियां और बुरहानपुर के केले के रेशे से तैयार हस्तनिर्मित उत्पाद विशेष आकर्षण का केंद्र बन रहे हैं। इन उत्पादों के प्रदर्शन के माध्यम से मध्यप्रदेश की समृद्ध शिल्प परंपरा, स्थानीय कारीगरों की अद्भुत दक्षता और रचनात्मकता को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास किया गया है।

मध्यप्रदेश पवेलियन में प्रदेश की विशिष्ट कला परंपराओं जरी-जरदोजी और गोंड चित्रकला का लाइव प्रदर्शन किया जा रहा है। इसके माध्यम से पारंपरिक कलाओं की निर्माण प्रक्रिया, बारीकियों और कलाकारों की रचनात्मकता को करीब से जानने का अवसर मिला है। जरी-जरदोजी की बारीक कढ़ाई और गोंड चित्रकला की विशिष्ट रंग शैली एवं प्रकृति से प्रेरित आकृतियां पवेलियन के प्रमुख आकर्षण बन रहे हैं।

‘भारत पर्व 2026’ में मध्यप्रदेश की सहभागिता से प्रदेश के स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प और पारंपरिक कलाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का अवसर मिला है। आयोजन के माध्यम से प्रदेश के शिल्पकारों और स्थानीय उत्पाद निर्माताओं को अपने हुनर एवं उत्पादों को देशभर से आए आगंतुकों के समक्ष प्रदर्शित करने का मंच मिल रहा है। यह पहल ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ की भावना को प्रोत्साहित करने के साथ प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और शिल्प कौशल को व्यापक पहचान दिलाने में सहायक है।

‘भारत पर्व 2026’ का आयोजन 15 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। यह पर्व देश की विविध सांस्कृतिक विरासत को एक मंच पर प्रस्तुत करने के साथ ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को सशक्त बना रहा है। साथ ही, इससे एकता नगर और आसपास के पर्यटन स्थलों में पर्यटन गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

Times Now Navbharat Digital
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article