ग्रेटर नोएडा

Greater Noida : पुलिस और बदमाशों में गोलीबारी, मुठभेड़ में तीन गिरफ्तार; सुबह लूटा था सामान से भरा ट्रक

उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में तीन बदमाश गोली लगने से घायल हो गए हैं, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

Image

ग्रेटर नोएडा पुलिस एनकाउंटर

Photo : Twitter

ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में सोमवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ में तीन बदमाश गोली लगने से घायल हो गए हैं जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, उनका एक साथी मौके से फरार हो गया। इन बदमाशों ने सुबह ही अमेजन वेयरहाउस से सामान लेकर निकले एक ट्रक को लूटा था। उनसे लूट का माल भी बरामद कर लिया गया है।

बदमाशों ने लूटा ट्रक

पुलिस ने मंगलवार को बताया कि 10 जून की सुबह लगभग 9 बजे चार अज्ञात मोटरसाइकिल सवार लुटेरों ने 130 मीटर रोड एमटेक कंपनी के सामने सर्विस रोड के किनारे ड्राइवर से मारपीट कर अमेजन वेयरहाउस सूरजपुर से डिलीवरी के लिए निकले ट्रक को लूट लिया। ट्रक में 26 बंडल मोबाइल और अन्य घरेलू सामान भरे हुए थे।

सामान झाड़ियों में छिपाया

ड्राइवर ने मालिक के साथ थाना सूरजपुर पहुंचकर इसकी शिकायत दर्ज करवाई थी। लुटेरे बदमाशों ने लूटा गया सामान एक छोटे पिकअप वैन में भरकर घटना स्थल से कुछ ही दूरी पर वेटलैंड बफर जोन रोड के किनारे झाड़ियों में छुपा दिया था और दूर से ही उसकी निगरानी कर रहे थे।

पुलिस पार्टी पर गोली चलाई

रात करीब 10.40 बजे चारों बदमाश लूटा गया माल लेकर निकले थे। रास्ते में थाना ईकोटेक 3 और सूरजपुर थाना की संयुक्त टीम चेकिंग कर रही थी जहां अभियुक्तों ने पुलिस पार्टी पर गोली चला दी। पुलिस द्वारा की गयी जवाबी कार्रवाई में तीन बदमाशों के पैर में गोली लगी। तीनों को वेटलैंड बफर जोन रोड के पास से घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया।

उनका एक साथी मौके से फरार हो गया है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए कांबिग की जा रही है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सचिन उर्फ बिट्टू, राहुल और सन्नी के रूप में हुई है। उनका एक साथी मोनू उर्फ दीपक फरार है।

(इनपुट-आईएनएस)

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article