शहर

प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद के साढ़ू इमरान समेत 12 पर केस दर्ज, जमीन कब्जाने और फर्जी दस्तावेज का आरोप

Prayagraj: प्रयागराज के एयरपोर्ट थाने में माफिया अतीक अहमद के साढ़ू इमरान और उसके भाई जीशान उर्फ जानू समेत 12 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। अधिवक्ता ने जमीन की चौहद्दी बदलने, फर्जी दस्तावेज बनाने, कब्जे की कोशिश और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

Image

इमरान (बाएं) और उसका भाई जीशान (दाएं)

Prayagraj News: प्रयागराज के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में माफिया अतीक अहमद के साढ़ू इमरान और उसके भाई जीशान उर्फ जानू समेत कुल 12 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई सब्जी मंडी शाहगंज निवासी अधिवक्ता जीशान की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर की गई है। तहरीर में आरोपियों पर जमीन की चौहद्दी में हेरफेर करने, कूटरचित (फर्जी) दस्तावेज तैयार करने, जमीन पर कब्जा करने का प्रयास करने और शिकायतकर्ता को जान से मारने की धमकी देने जैसे आरोप लगाए गए हैं।

कटहुला गौसनगर की जमीन को लेकर तनातनी

पुलिस के अनुसार, यह पूरा विवाद कटहुला गौसनगर स्थित जमीन को लेकर है। शिकायतकर्ता अधिवक्ता जीशान ने आरोप लगाया है कि नामजद आरोपियों ने जमीन से जुड़े दस्तावेजों में छेड़छाड़ व कूटरचना की है और जमीन पर अवैध कब्जा जमाने की कोशिश की जा रही है। शिकायत में इमरान, उसके भाई जीशान उर्फ जानू, कमरान, तुफैल और महताब उर्फ जिकरान समेत कुल 12 लोगों को नामजद किया गया है। अधिवक्ता ने तहरीर में यह भी कहा है कि विरोध करने या मामले में आगे बढ़ने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई है।

शिकायत में 2022 और उसके बाद हुई हत्याओं का भी जिक्र

अधिवक्ता की ओर से दी गई शिकायत में पारिवारिक रंजिश और अतीत की गंभीर घटनाओं का भी हवाला दिया गया है। तहरीर में वर्ष 2022 में अपने पिता और बड़े पिता की हत्या किए जाने का जिक्र किया गया है। इसके अलावा शिकायत में यह भी कहा गया है कि उसके एक साल बाद उनके फूफा की भी हत्या कर दी गई थी।

एयरपोर्ट थाना पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच शुरू

एयरपोर्ट थाना पुलिस ने प्राप्त तहरीर के आधार पर इमरान, जीशान उर्फ जानू, कमरान, तुफैल, महताब उर्फ जिकरान सहित सभी 12 नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) पंजीकृत कर ली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लगाए गए सभी आरोपों, जमीन से जुड़े अभिलेखों और तथ्यों की गहन जांच शुरू कर दी गई है तथा जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article