मुंबई (Mumbai) के दक्षिणी इलाके में रविवार तड़के एक चार मंजिला रिहायशी इमारत में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि इमारत में मौजूद कई लोग अंदर ही फंस गए। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और करीब पांच घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद दो बच्चों समेत कुल 8 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, इस दौरान एक दमकल अधिकारी भी घायल हो गए। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई।
पांच घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
अधिकारियों के मुताबिक, आग आधी रात के आसपास दक्षिण मुंबई में गिल्डर लेन स्थित हीरा मंजिल की दूसरी मंजिल के एक कमरे में लगी थी। यह इमारत नवजीवन सोसाइटी के पास स्थित है। आग बुझाने और लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए दमकलकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। आखिरकार सुबह 5 बजकर 5 मिनट पर आग पर काबू पा लिया गया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: गुजरात में ट्रेलर से टकराई पर्यटकों की कार, 7 की मौत
टर्नटेबल लैडर की मदद से तीन लोगों को निकाला
रेस्क्यू ऑपरेशन (Rescue Operation) के दौरान दमकलकर्मियों ने तीसरी मंजिल पर फंसे एक पुरुष और दो महिलाओं को टर्नटेबल लैडर की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं, पहली मंजिल पर मौजूद एक बुजुर्ग महिला को सीढ़ियों के रास्ते बाहर लाया गया। इसके अलावा चौथी मंजिल के एक कमरे में फंसे चार अन्य लोगों को भी सीढ़ियों की मदद से सुरक्षित नीचे उतारा गया। इनमें एक पुरुष, एक महिला और दो बच्चे शामिल थे। इस तरह कुल आठ लोगों की जान बचाई गई।
बुजुर्ग महिला को आया पैनिक अटैक, दमकल अधिकारी भी घायल
अधिकारियों ने बताया कि रेस्क्यू के दौरान एक बुजुर्ग महिला को घबराहट के कारण पैनिक अटैक आ गया। उन्हें पुलिस वैन से रिलायंस अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। वहीं, आग बुझाने के अभियान के दौरान दमकल विभाग के एक वरिष्ठ स्टेशन अधिकारी की दाहिनी हथेली में कट लग गया। उन्हें एंबुलेंस से नायर अस्पताल ले जाया गया। उपचार के बाद उन्हें भी अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
पास में पेट्रोल पंप होने से मुश्किलें बढ़ीं
दमकल अधिकारियों के मुताबिक, इमारत के पास ही एक पेट्रोल पंप मौजूद था। इस वजह से आग बुझाने और रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ी। आग दूसरी मंजिल के कमरे तक ही सीमित रही। इसकी चपेट में बिजली की वायरिंग, इलेक्ट्रिकल उपकरण, लकड़ी का फर्नीचर, एयर कंडीशनर और घर का अन्य सामान आया। फिलहाल आग लगने की सही वजह और संपत्ति को हुए नुकसान का आकलन नहीं हो पाया है। अधिकारियों के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है।
