शहर

जूनागढ़ में भीषण हादसा, पत्थर से टकराते ही आग का गोला बनी कार, 3 लोगों की जलकर मौत

जूनागढ़ में रविवार सुबह तेज रफ्तार स्विफ्ट कार पत्थर से टकराकर पलट गई और उसमें आग लग गई। हादसे में दो पुरुषों और एक महिला की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल हुई।

Image

जूनागढ़ में स्विफ्ट कार पलटने के बाद लगी आग

Photo : Times Now Digital

Junagadh Road Accident: गुजरात के जूनागढ़ जिले में रविवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। जहां एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार सड़क किनारे पड़े पत्थर से टकराने के बाद पलट गई। टक्कर इतनी भयंकर थी कि कार में तुरंत आग लग गई और वह पूरी तरह जलकर राख हो गई। हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।

सुबह करीब 5 बजे हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, यह हादसा केशोद-बालागाम रोड पर खमीदाणा गांव के पास रविवार सुबह करीब 5 बजे हुआ। केशोद पुलिस स्टेशन के PI एम.डी. चौधरी ने बताया कि कार में कुल चार लोग सवार थे, जिनमें दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल थीं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि तेज रफ्तार कार सड़क के मोड़ पर चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और किनारे पड़े पत्थर से टकरा गई। इसके बाद कार पलट गई और उसमें आग लग गई।

कार से बाहर गिरने के कारण बची युवती की जान

जानकारी के मुताबिक, हादसे के दौरान कार में सवार एक युवती बाहर गिर गई, जिससे उसकी जान बच गई। हालांकि, वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल युवती की पहचान कृष्णाबेन के रूप में हुई है। उसे इलाज के लिए केशोद सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां डॉक्टर उसका इलाज कर रहे हैं। लेकिन हादसे के बाद युवती सदमे में है।

जूनागढ़ से माधवपुर जा रहे थे कार सवार

पुलिस के अनुसार, कार में सवार लोग जूनागढ़ से माधवपुर जा रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही केशोद फायर ब्रिगेड और इमरजेंसी 112 पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। PI एम.डी. चौधरी ने बताया कि मृतकों में से एक की पहचान डेनिस के रूप में हुई है। बाकी दो मृतकों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article