शहर

Gorakhpur News: गोरखपुर और दिल्ली के बीच चलेगी अमृत भारत एक्सप्रेस, जानें रूट और टाइमिंग

गोरखपुर से दिल्ली के बीच पहली अमृत भारत एक्सप्रेस 27 अगस्त से शुरू होने जा रही है। यह साप्ताहिक ट्रेन खलीलाबाद, बस्ती, गोंडा, बरेली और गाजियाबाद होकर दिल्ली पहुंचेगी।

Image

गोरखपुर से दिल्ली के बीच चलेगी अमृत भारत एक्सप्रेस

उत्तर प्रदेश में गोरखपुर से देश की रादधानी दिल्ली के बीच रेल यात्रियों के लिए एक बड़ी सुविधा शुरू होने जा रही है। पूर्वोत्तर रेलवे पहली बार इस रूट पर अमृत भारत एक्सप्रेस (Amrit Bharat Express) का संचालन करने जा रहा है। यह नई साप्ताहिक ट्रेन 27 अगस्त 2026 से गोरखपुर और दिल्ली के बीच चलेगी।

पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) सुमित कुमार के मुताबिक, नई ट्रेन मौजूदा गोरखपुर-दिल्ली-गोरखपुर स्पेशल ट्रेन 05057/05058 की जगह संचालित की जाएगी। नई सेवा को 15095 और 15096 नंबर दिए गए हैं।

गुरुवार रात गोरखपुर से होगी रवाना

ट्रेन नंबर 15095 गोरखपुर-दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस हर गुरुवार रात 10:45 बजे गोरखपुर से दिल्ली के लिए रवाना होगी। अगले दिन दोपहर 12:50 बजे यह ट्रेन दिल्ली पहुंच जाएगी। दिल्ली जाते समय यह ट्रेन खलीलाबाद, बस्ती, गोंडा, बुढ़वल, सीतापुर, बरेली, मुरादाबाद और गाजियाबाद स्टेशनों पर रुकेगी। इस तरह यात्रियों को पूर्वी उत्तर प्रदेश से दिल्ली तक सीधी साप्ताहिक रेल सेवा का विकल्प मिलेगा।

दिल्ली से वापसी का क्या है समय?

वापसी में ट्रेन नंबर 15096 दिल्ली-गोरखपुर अमृत भारत एक्सप्रेस हर शुक्रवार दोपहर 2 बजे दिल्ली से रवाना होगी। यह ट्रेन गाजियाबाद, मुरादाबाद, बरेली, सीतापुर, बुढ़वल, गोंडा, बस्ती और खलीलाबाद होते हुए अगले दिन सुबह 6:30 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। यात्रियों के लिए यह समय-सारिणी खास तौर पर लंबी दूरी की यात्रा करने वालों के लिहाज से अहम है।

22 कोच की होगी ये ट्रेन

गोरखपुर-दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस में कुल 22 कोच होंगे। इनमें 11 जनरल सेकेंड क्लास, 8 स्लीपर क्लास और एक पेंट्री कार शामिल है। यह सेवा मुख्य रूप से किफायती और बेहतर सुविधाओं वाली गैर-एसी लंबी दूरी की यात्रा के विकल्प के रूप में अहम मानी जा रही है।

गोरखपुर-बांद्रा के बीच भी अमृत भारत

रेलवे बोर्ड ने गोरखपुर और बांद्रा के बीच भी एक साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस चलाने की घोषणा की है। हालांकि, इस सेवा के शुरू होने की तारीख अभी तक घोषित नहीं की गई है।

गोरखपुर-दिल्ली सेवा शुरू होने के साथ ही पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्यालय शहर को पहली अमृत भारत एक्सप्रेस मिलेगी। इससे गोरखपुर और आसपास के क्षेत्रों से दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों को एक नया रेल विकल्प उपलब्ध होगा।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article