शहर

गाजियाबाद में दर्दनाक हादसा, हरिद्वार जा रही पिकअप की ट्रक से जोरदार भिड़ंत; 3 लोगों की मौत

गाजियाबाद के निवाड़ी थाना क्षेत्र में बोलेरो पिकअप और ट्रक की आमने-सामने टक्कर होने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने हादसे के बाद ट्रक चालक और परिचालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

Image

फाइल फोटो

Ghaziabad Accident News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जहां एक बोलेरो पिकअप की ट्रक से आमने-सामने से जोरदार टक्कर हो गई। इस दर्दनाक घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि सात से आठ लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद ट्रक और परिचालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। फिलहाल इस मामले में आगे की जांच की जा रही हैं।

यह हादसा निवाड़ी थाना क्षेत्र में गंगनहर पटरी मार्ग पर मंगलवार देर रात हुआ। पुलिस के अनुसार, पिकअप में सवार सभी लोग राजस्थान के अलवर जिले के तिजारा थाना क्षेत्र के गांव कलगांव के रहने वाले थे। वे हाल ही में खरीदी गई बोलेरो पिकअप से हरिद्वार दर्शन और गंगा स्नान के लिए निकले थे। रास्ते में गंगनहर पटरी मार्ग पर सामने से आ रहे ट्रक से उनकी पिकअप गाड़ी की जोरदार भिड़ंत हो गई।

टक्कर में पिकअप के उड़े परखच्चे

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि बोलेरो पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि पिकअप के पीछे बल्ली और रस्सी की मदद से अस्थायी स्टैंड बनाया गया था, जिस पर कुछ लोग बैठे थे। हादसे के बाद संतुलन बिगड़ने से कई लोग सड़क पर गिर पड़े। हादसे में घायल हुए लोगों की पहचान अनिल, हर्षित, रोहताश, राजेश, जतिन, बबीता, आशा, शांति और निशिका के रूप में हुई है। सभी घायलों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस ने ट्रक चालक और परिचालक को हिरासत में लिया

हादसे की सूचना मिलते ही निवाड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने पीछा कर ट्रक को मसूरी थाना क्षेत्र में रोककर पकड़ लिया। चालक और परिचालक दोनों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

नई गाड़ी की पूजा के लिए जा रहे थे हरिद्वार

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि परिवार ने कुछ दिन पहले ही बोलेरो पिकअप खरीदी थी और उसकी पूजा कराने व गंगा स्नान के लिए हरिद्वार जा रहा था। इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article