गाजियाबाद

Hapur Accident: खड़े ट्रक में घुसी बेकाबू कार, ड्राइवर की मौके पर ही मौत

हापुड़ के NH-9 पर तेज रफ्तार कार एक खड़े ट्रक से टकरा गई, जिसमें अधिवक्ता नरेश तोमर की मौके पर मौत हो गई। हादसा पिलखुवा थाना क्षेत्र में हुआ और CCTV में कैद हो गया। पुलिस ने झपकी को कारण बताया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Image

हादसे में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई कार

Photo : Times Now Digital

Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां दिल्ली-लखनऊ हाईवे (NH-9) पर एक तेज रफ्तार वैगनआर कार खड़े ट्रक में जा घुसी। भीषण टक्कर में कार सवार शख्स की मौके पर ही मौत हो गई। पूरी घटना हाईवे किनारे लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रही है।

बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई गाड़ी

यह हादसा पिलखुवा थाना क्षेत्र में स्थित शिवा ढाबे के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, अधिवक्ता नरेश तोमर गाजियाबाद से हापुड़ लौट रहे थे। उसी दौरान हाईवे पर खड़े ट्रक में उनकी तेज रफ्तार कार जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में अधिवक्ता की मौके पर ही मौत हो गई।

झपकी बनी हादसे की वजह?

पुलिस जांच में शुरुआती कारण नींद की झपकी को बताया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि अधिवक्ता को गाड़ी चलाते समय झपकी आ गई, जिस कारण वह सामने खड़े ट्रक को देख नहीं सके और सीधी टक्कर हो गई।

शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पिलखुवा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान नरेश तोमर निवासी निजामपुर, हापुड़ के रूप में हुई है, जो पेशे से एक अधिवक्ता थे। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। नरेश तोमर की असामयिक मौत ने उनके परिजनों और क्षेत्र के लोगों को गहरे सदमे में डाल दिया है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article