शहर

Ghaziabad News: पुलिस कमिश्नर आवास के पास बेखौफ बदमाश, मॉर्निंग वॉक पर निकली वृद्धा की चेन लूटी; सामने आया Video

Ghaziabad News: गाजियाबाद के पॉश इलाके RDC राजनगर में सुबह टहल रही बुजुर्ग महिला से बाइक सवार बदमाश ने सोने की चेन छीन ली। पुलिस कमिश्नर आवास के पास हुई यह वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई है।

Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में बेखौफ बदमाशों की एक और करतूत सामने आई है। ताजा मामला कविनगर थाना क्षेत्र के सबसे पॉश और हाई-प्रोफाइल इलाके RDC राजनगर से सामने आया है, जहां जिला मुख्यालय और कचहरी के पास सुबह-सुबह टहल रही एक वृद्ध महिला से बाइक सवार बदमाश ने दिनदहाड़े सोने की चेन छीन ली। यह पूरी वारदात पास में लगे एक CCTV कैमरे में कैद हो गई है।

CCTV में कैद हुई वारदात

वायरल हो रहे सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि बदमाश किस तरह पूरी प्लानिंग के साथ आया था। बदमाश बाइक पर अकेले आया था और उसने अपनी पहचान छिपाने के लिए सिर पर हेलमेट और मुंह पर मास्क लगा रखा था। बदमाश ने अपनी बाइक थोड़ी दूरी पर ही खड़ी कर दी और फिर पैदल चलकर शिकार की तलाश करने लगा। जैसे ही उसने एक बुजुर्ग महिला को अकेला देखा, वह दबे पांव उनके पीछे लग गया। मौका मिलते ही बदमाश ने पीछे से महिला के गले पर झपट्टा मारा और सोने की चेन तोड़ ली। महिला जब तक कुछ समझ पातीं और 'चोर-चोर' चिल्लातीं, तब तक आरोपी तेज रफ्तार से अपनी बाइक स्टार्ट कर मौके से रफूचक्कर हो गया।

VIP इलाके में वारदात से सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

जिस इलाके में यह वारदात हुई है, वह गाजियाबाद का संवेदनशील और VIP जोन माना जाता है। घटना स्थल के बेहद नजदीक ही पुलिस कमिश्नर, जिलाधिकारी (DM) समेत जिले के तमाम वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों के सरकारी आवास हैं। इतने संवेदनशील क्षेत्र में सुबह-सुबह वारदात होने से स्थानीय निवासियों में भारी रोष है और क्षेत्र की पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद कविनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article