Delhi Bakkarwala Encounter News: राजधानी दिल्ली के बक्करवाला इलाके में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच (Crime Branch) और कुख्यात हिमांशु भाऊ गैंग के शूटरों के बीच मुठभेड़ हो गई। दोनों तरफ से हुई गोलीबारी के बाद पुलिस ने दो बदमाशों को घायल हालत में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी इलाके के एक अस्पताल के मालिक डॉक्टर की हत्या करने के इरादे से पहुंचे थे। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से एक की पहचान रोहतक (हरियाणा) निवासी समीर (19) के रूप में हुई है, जबकि दूसरा आरोपी कानून का उल्लंघन करने वाला एक नाबालिग है।
डॉक्टर को मिली थी धमकी, महिंद्रा थार से पहुंचे थे बदमाश
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, क्राइम ब्रांच को सटीक इनपुट मिला था कि विदेशों में बैठकर गैंग संचालित कर रहे हिमांशु भाऊ ने आरआरएम अस्पताल के मालिक डॉक्टर नरेंद्र शर्मा को धमकी दी है और उनकी हत्या के लिए शूटर भेजे जा सकते हैं। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच और क्राइम इंटेलिजेंस एजेंसी (CIA) की संयुक्त टीम ने बक्करवाला में घेराबंदी की। इस दौरान एक संदिग्ध काले रंग की थार गाड़ी को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर ड्राइवर ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी और सर्विस रोड की तरफ भागने लगा, जहां उसकी थार एक अन्य पिकअप वाहन से टकरा गई। इसके बाद दोनों बदमाश गाड़ी छोड़कर बक्करवाला नाला रोड की तरफ पैदल भागने लगे।
8 राउंड फायरिंग के बाद पुलिस ने किया काबू
आत्मसमर्पण की चेतावनी दिए जाने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरू कर दीं। आरोपियों ने पुलिस टीम पर लगभग 8 राउंड फायर किए। पुलिस ने पहले चेतावनी दी और फिर आत्मरक्षा में नियंत्रित फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस टीम ने उन्हें काबू में ले लिया। घायल बदमाशों को तुरंत पीसीआर (PCR) और निजी वाहन की मदद से इलाज के लिए RTR अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से दो अत्याधुनिक ग्लॉक पिस्टल, खाली कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई थार गाड़ी को जब्त कर लिया है। क्राइम टीम ने मौके पर पहुंचकर फोरेंसिक और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। दिल्ली पुलिस अब इस मामले में आगे की जांच कर रही है ताकि हथियारों की सप्लाई चैन, साजिश में शामिल अन्य हैंडलर्स और हिमांशु भाऊ गैंग के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।
